RCB ने IPL 2022 सीजन के लिए नेट गेंदबाज के तौर पर अफगानिस्तान के इस युवा स्पिनर को चुना - क्रिकट्रैकर हिंदी

RCB ने IPL 2022 सीजन के लिए नेट गेंदबाज के तौर पर अफगानिस्तान के इस युवा स्पिनर को चुना

युवा खिलाड़ी इजहारुलहक नावेद अंडर-19 विश्व कप में अफगानिस्तान की टीम का हिस्सा थे।

Izharulhaq Naveed. (Photo Source: Instagram)
Izharulhaq Naveed. (Photo Source: Instagram)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 15वें संस्करण के लिए शामिल हुई सभी 10 फ्रेंचाइजी अपने-अपने खिलाड़ियों को तैयार करने में जुटी हैं। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने भी अपनी टीम के बल्लेबाजों को लेकर एक फैसला लिया है। जिसमें उन्होंने अनकैप्ड अफगानिस्तान के लेग स्पिनर इजहारुलहक नावेद को नेट गेंदबाज के रूप में चुना है।

इजहारुलहक नावेद अंडर-19 विश्व कप में अफगानिस्तान टीम का हिस्सा रह चुके हैं जिसमें उन्होंने 6 मैचों में 4 विकेट हासिल किये थे। वहीं अब इस युवा खिलाड़ी को RCB ने अपने बल्लेबाजों के सामने नेट्स में अपना प्रदर्शन दिखाने के लिए आमंत्रित किया है। इजहारुलहक ने इंस्टाग्राम पर RCB की जर्सी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए इस बात की पुष्टि की है।

RCB के शानदार बल्लेबाजों के सामने नावेद के पास अपनी छाप छोड़ने का सुनहरा मौका है। विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के लिए गेंदबाजी करने से युवा खिलाड़ी को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। इसके अलावा वह अगर नेट्स में अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित करते हैं तो उन्हें आगामी सीजन के लिए नजर में रखा जा सकता है। वहीं अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान और मुजीब उर रहमान ने भी IPL में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और नावेद के लिए दोनों खिलाड़ी मार्गदर्शक के रूप में होंगे।

Izharulhaq Naveed in RCB (Photo Source : Instgaram/Izharulhaq Naveed)
Izharulhaq Naveed in RCB (Photo Source : Instgaram/Izharulhaq Naveed)

नए कप्तान के साथ नई शुरुआत करना चाहेगी RCB

हाल ही में फ्रेंचाइजी ने विराट कोहली के बाद शानदार सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस को अपने नए कप्तान के रूप में चुना था। पिछले सीजन में RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपने पद से हटने का फैसला किया था। विराट 2013 से 2021 तक टीम के कप्तान थे लेकिन दुर्भाग्यवश वह टीम को खिताब दिलाने में कामयाब नहीं हो सके।

हालांकि इस बार फ्रेंचाइजी ने फरवरी में हुए मेगा ऑक्शन में शानदार अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। RCB नीलामी के दौरान दिनेश कार्तिक, जोश हेजलवुड, वानिंदु हसरंगा और डु प्लेसिस जैसे शानदार खिलाड़ियों को अपने दस्ते में शामिल करने में कामयाब हुई। इन शानदार खिलाड़ियों और नए कप्तान के साथ टीम एक नई शुरुआत करना चाहेगी। डु प्लेसिस की टीम टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 27 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी।

close whatsapp