रीस टॉप्ले ने द हंड्रेड टूर्नामेंट से लिया अपना नाम वापस, टी-20 वर्ल्ड कप से पहले नहीं होना चाहते चोटिल
रीस टॉप्ले ने इस साल इंग्लैंड के लिए 10 मुकाबले खेलें और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ 17 विकेट्स झटके।
अद्यतन - Aug 24, 2022 5:10 pm

इंग्लैंड टीम के तेज गेंदबाज रीस टॉप्ले जिन्होंने इस गर्मी में इंग्लैंड टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है उन्होंने द हंड्रेड टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि वो आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए फिट रहे। बता दें, द हंड्रेड टूर्नामेंट में ओवल इनविंसिबल्स की ओर से खेलते हुए टॉप्ले ने 4 मुकाबलों में 5 विकेट्स झटके हैं। इस टूर्नामेंट के आधे से ज्यादा मुकाबले खेले जा चुके हैं। बचे हुए मुकाबलों में ओवल को टॉप्ले की कमी जरूर खलेगी।
रीस टॉप्ले ने इस साल इंग्लैंड के लिए 10 मुकाबले खेलें और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ 17 विकेट्स झटके। आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में रीस टॉप्ले इंग्लैंड टीम के मुख्य तेज गेंदबाज हो सकते हैं और इसी वजह से उन्होंने थोड़े समय के लिए ब्रेक लेने का विचार बनाया ताकि इस टूर्नामेंट से पहले वो चोटिल ना हो जाए।
ओवल इनविंसिबल्स टीम द्वारा एक बयान जारी किया गया है जिसमें रीस टॉप्ले ने कहा है कि, ‘थोड़े समय के लिए ब्रेक लेना मेरे हिसाब से सही होगा ताकि मैं वर्ल्ड कप से पहले चोटिल ना हो जाऊं। फिलहाल मैं इस बात से दुखी हूं कि जब मेरी टीम को द हंड्रेड टूर्नामेंट में मेरी सबसे ज्यादा जरूरत है तब ही मैं उनके साथ नहीं हूं। उम्मीद करता हूं कि मेरे ना होने के बावजूद वह अच्छा प्रदर्शन करें।
रीस टॉप्ले से दुखी हैं कोच टॉम मूडी लेकिन उनके फैसले की करते हैं इज्जत
द हंड्रेड टूर्नामेंट के अंक तालिका की बात की जाए तो ओवल इनविंसिबल्स इस समय 6 मुकाबलों में 3 में जीत और 3 में हार के साथ पांचवे पायदान पर हैं। अगर उन्हें प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना है तो अपने बचे हुए दोनों मुकाबले लंदन स्पिरिट और मैनचेस्टर ऑरिजनल्स के खिलाफ जीतने होंगे। टीम के कोच टॉम मूडी इस बात से दुखी हैं कि टूर्नामेंट के इस मोड़ में उनकी टीम के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ने टीम का साथ छोड़ दिया।
हालांकि कोच ने इंग्लैंड गेंदबाज के फैसले की इज्जत की है। बता दें, रीस टॉप्ले के अलावा सुनील नारायण और मोहम्मद हसनैन भी इस टूर्नामेंट से हट गए हैं। सुनील नारायण CPL की वजह से द हंड्रेड टूर्नामेंट के आने वाले मुकाबलों में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, वहीं एशिया कप के लिए शाहीन अफरीदी की जगह मोहम्मद हसनैन को पाकिस्तान ने अपनी टीम में शामिल किया है। ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर पीटर हत्जोग्लू को नारायण की जगह ओवल में शामिल किया गया है।