भारत सरकार ने कर में नहीं दी राहत तो बीसीसीआई को वर्ल्ड कप 2023 की मेजबानी के लिए उठाना पड़ेगा भारी नुकसान - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत सरकार ने कर में नहीं दी राहत तो बीसीसीआई को वर्ल्ड कप 2023 की मेजबानी के लिए उठाना पड़ेगा भारी नुकसान

बीसीसीआई कर छूट या कर समाधान देने के लिए भारत के वित्त मंत्रालय के साथ बात कर रहा है।

BCCI and World Cup Trophy (Image Source: ICC/BCCI)
BCCI and World Cup Trophy (Image Source: ICC/BCCI)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने देश में अगले साल होने वाले आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के लिए अपने प्रसारण राजस्व के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पर 20% कर परिव्यय के खिलाफ आपत्ति जताई है। बीसीसीआई भारतीय सरकार से आगामी वर्ल्ड कप 2023 के लिए बहुत कम संशोधित कराधान मूल्य (लगभग 10%) की उम्मीद कर रहा है। अगर ऐसा नहीं होता है, तो बीसीसीआई को अगले वनडे वर्ल्ड कप 2023 की मेजबानी के लिए आईसीसी पर भारत सरकार द्वारा लगाए गए कर के चलते आईसीसी के केंद्रीय राजस्व पूल में अपने हिस्से से $58-116 मिलियन अमेरिकी डॉलर का नुकसान उठाना पड़ सकता है।

बीसीसीआई ने भारत में अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप 2023 से आईसीसी की प्रसारण आय लगभग 533.29 मिलियन डॉलर का अनुमान लगाया है। बीसीसीआई ने कहा कि अगर यह कर दर 10.92% होती है तो उन्हें वित्तीय प्रभाव लगभग 58.23 मिलियन डॉलर भुगतना होगा, जो भारत सरकार की वर्तमान डिमांड 21.84% के हिसाब से दोगुने से लगभग 116.47 मिलियन डॉलर हो जाएगा।

बीसीसीआई को वर्ल्ड कप 2023 की मेजबानी के लिए 58-116 मिलियन डॉलर का नुकसान उठाना पड़ सकता है

अंत में जो भी राशि होगी वो आईसीसी के केंद्रीय राजस्व पूल में बीसीसीआई के हिस्से से काट ली जाएगी, जो कि मौजूदा अधिकार चक्र (2016-2023) के दौरान अनुमानित अवधि के लिए आईसीसी की कुल कमाई $2.7 बिलियन के आधार पर लगभग $405 मिलियन है। जिसे देखते हुए बोर्ड ने “कर छूट या कर समाधान देने” के लिए भारत के वित्त मंत्रालय के साथ चर्चा शुरू की है।

क्रिकबज के अनुसार, एजीएम नोट में साफ लिखा गया है कि “बीसीसीआई वर्तमान में वित्त मंत्रालय और भारत सरकार से इस मुद्दे पर बात कर रहा है। हम इस 20% (अधिभार को छोड़कर) कर आदेश के खिलाफ है और हमें उम्मीद है कि 10% (अधिभार को छोड़कर) कर आदेश की मंजूरी जल्द ही मिलने वाली है। यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि आईसीसी द्वारा वहन की गई कोई भी कर लागत भारत में 2023 वर्ल्ड कप के लिए आईसीसी से होने वाले राजस्व के बीसीसीआई के हिस्से के साथ समायोजित किया जाएगा। यदि आईसीसी को 21.84% विदहोल्डिंग टैक्स ऑर्डर प्राप्त होता है, तो आईसीसी से बीसीसीआई के राजस्व पर प्रभाव 116.47 मिलियन अमरीकी डॉलर (960 करोड़) का होगा।”

बीसीसीआई को भारत सरकार से कर में है छूट की उम्मीद

इस बीच, बीसीसीआई वर्तमान में भारत में आयोजित 2016 टी-20 वर्ल्ड कप का हवाला देते हुए भारत सरकार के फैसले को चुनौती दे रहा है। उस समय आईसीसी से बहुत कम विदहोल्डिंग कराधान मूल्य 10.92% वसूल किया गया, जो कि 23.5 मिलियन अमरीकी डॉलर था, और इस राशि को आईसीसी से प्राप्त राजस्व के बीसीसीआई के हिस्से से समायोजित किया गया था।

एजीएम नोट के अनुसार, “आईसीसी के प्रसारण भागीदार को भारत सरकार के संबंधित विभाग द्वारा 2016 टी-20 वर्ल्ड कप के लिए 10.92% के कम विदहोल्डिंग टैक्स की अनुमति दी गई थी। यह 10.92% राशि लगभग 23.5 मिलियन अमरीकी डॉलर थी। यह राशि 23.5 मिलियन अमरीकी डालर बाद में बीसीसीआई के आईसीसी राजस्व के हिस्से से काट ली गई थी, जिसका बीसीसीआई उस समय से अब तक कानूनी रूप से विरोध कर रहा है।”

close whatsapp