वर्ल्ड कप 2023 को लेकर BCCI ने लिया अहम फैसला, ICC के अध्यक्ष पद पर भी है नजर
BCCI कर सकता हैं आईसीसी (ICC) के अध्यक्ष पद का दावा!
अद्यतन - मार्च 14, 2022 12:59 अपराह्न

भारत वर्ल्ड कप 2023 की मेजबानी करने जा रहा है, और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी से इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी है। बीसीसीआई (BCCI) ने हाल ही में सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) द्वारा बनाए गए एक कड़े फिटनेस प्लान को फॉलो करने की हिदायत दी है, जिसकी शुरुआत आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के साथ होगी।
अब खबरे आ रही हैं कि BCCI ने पदाधिकारियों को अगले साल भारत में आयोजित किए जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए स्थानीय आयोजन समिति या लोकल ऑर्गेनाइजिंग कमिटी (LOC) बनाने के लिए कहा हैं। LOC का गठन इस महीने के अंत तक किए जाने की उम्मीद है।
इसके अलावा, BCCI में इस बात की भी चर्चा हो रही हैं कि चैंपियनशिप के दौरान उनमें से किसी एक को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का प्रमुख होना चाहिए। ऐसा कहा जा रहा है कि BCCI चाहता हैं कि आईसीसी (ICC) के अध्यक्ष का पद भारत में आना चाहिए, क्योंकि देश वैश्विक प्रतिस्पर्धा – 2023 वर्ल्ड कप – की मेजबानी कर रहा है। आपको बता दें, भारत के शरद पवार ने 2011 वर्ल्ड कप के दौरान ICC का नेतृत्व किया, जो भारत में आयोजित किया गया था।
बीसीसीआई बनाएगी स्थानीय आयोजन समिति (LOC)
BCCI के एक सदस्य ने Cricbuzz के हवाले से कहा: “जैसा कि BCCI के वर्तमान ICC अध्यक्ष ग्रेग बार्कले के साथ अच्छे संबंध हैं, इसलिए बोर्ड द्वारा न्यूजीलैंड के दिग्गज को बदलने के लिए कोई कदम उठाने की संभावना नहीं है। आखिरकार, पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के आयोजन के दौरान ग्रेग बार्कले ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड की काफी मदद की थी। फिलहाल, BCCI पदाधिकारियों को LOC बनाने के लिए अधिकृत किया गया है।”
अगर बात करे, BCCI की स्थानीय आयोजन समिति (LOC) की तो कार्यवाहक सीईओ हेमांग अमीन और जीएम गौरव सक्सेना वर्ल्ड कप 2023 के निदेशक का पद पाने के लिए पसंदीदा हैं। बता दें, अमीन के पास आईपीएल का भी एक पद है, इसलिए सक्सेना के महत्वपूर्ण पद को लेने की ज्यादा संभावना है।
आपको बता दें, BCCI ने ICC के अध्यक्ष के रूप में ग्रेग बार्कले के चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, इसलिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड के पास उन्हें शीर्ष पद से हटाने के कोई खास कारण नहीं हैं। हालांकि, ग्रेग बार्कले का दो साल का कार्यकाल इस साल खत्म हो रहा है।
लेकिन फिलहाल यह सुनिश्चित नहीं है कि मौजूदा अनुबंध दिसंबर में समाप्त हो रहा है, या जुलाई में आईसीसी के वार्षिक सम्मेलन के दौरान क्योंकि वह दिसंबर 2020 में चुने गए थे। मानदंडों के अनुसार, मौजूदा अध्यक्ष दो साल के दो और कार्यकाल की मांग कर सकते हैं।