भारतीय फैंस को लग सकता है तगड़ा झटका, जसप्रीत बुमराह पूरे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 से रह सकते हैं बाहर
जसप्रीत बुमराह इस समय बैंगलोर के NCA में हैं और सफेद गेंद से जमकर अभ्यास कर रहे हैं।
अद्यतन - फरवरी 10, 2023 2:16 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में मेजबान टीम को तगड़ा झटका लग सकता है। ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही है कि जसप्रीत बुमराह इस पूरे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को मिस कर सकते हैं। बता दें, अगस्त 2022 में बुमराह की पीठ में चोट लगी थी।
सितंबर 2022 में उन्होंने भारतीय टीम में वापसी की लेकिन पूरी तरह से ठीक ना होने की वजह से उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई सीरीज से बाहर होना पड़ा। टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी यह शानदार तेज गेंदबाज हिस्सा नहीं ले पाए जिसकी वजह से भारत इस ट्रॉफी को अपने नाम नहीं कर पाया।
आशंका लगाई जा रही थी कि बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही चार मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट में वापसी करेंगे लेकिन अब ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड इस बेहतरीन तेज गेंदबाज को लेकर कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहेगा क्योंकि इसी साल भारत में वनडे वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और बुमराह का उसमें खेलना बेहद जरूरी है।
श्रीलंका के खिलाफ खेली जा चुकी सीरीज में भी बुमराह का नाम सामने आया था लेकिन बाद में उन्हें टीम से बाहर कर दिया। बोर्ड यही चाहता है कि भारतीय तेज गेंदबाज पूरी तरह से फिट हो जाएं और वनडे वर्ल्ड कप में खेलते हुए नजर आए।
BCCI जसप्रीत बुमराह को लेकर कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहती हैं
टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में भी बुमराह का खेलना मुश्किल लग रहा है।
द टेलीग्राफ के मुताबिक सूत्र ने बताया कि, ‘पिछले कुछ दिनों से बुमराह NCA में गेंदबाजी अभ्यास कर रहे हैं और चीज़ें अभी तक काफी अच्छी गई हैं। ना तो कोई थकान देखी गई है और ना ही तेज गेंदबाज को कोई परेशानी हो रही है।’
जसप्रीत बुमराह इस समय बैंगलोर के NCA में हैं और सफेद गेंद से जमकर अभ्यास कर रहे हैं। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के खत्म होने तक वो पूरी तरह से फिट हो जाएंगे।