PCB ने आजम खान को NOC देने से किया इनकार, सामने आई बड़ी वजह
पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ने अभी तक राष्ट्रीय टीम की ओर से तीन टी-20 मुकाबले खेले हैं।
अद्यतन - Oct 15, 2022 8:31 pm

पहले अंतरराष्ट्रीय लीग टी-20 (ILT20) में भाग लेने वाले पाकिस्तान के एकमात्र खिलाड़ी आजम खान को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देने से इनकार कर दिया है और इसी के चलते वो अब इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगे।
6 टीमों वाली इस लीग में एकमात्र गैर भारतीय स्वामित्व वाली टीम डेजर्ट वाईपर ने आजम खान को साइन किया था। वो एकमात्र पाकिस्तानी खिलाड़ी थे लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक यह विकेटकीपर बल्लेबाज अगले साल से शुरू होने वाली इस शानदार लीग में NOC ना मिलने की वजह से हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
क्रिकबज के मुताबिक ILT20 के एक सूत्र ने बताया कि, ‘ हमें PCB से एक पत्र मिला है जिसमें लिखा है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को NOC नहीं दी जाएगी। यह फ्रेंचाइजी मालिकों के ऊपर निर्भर था कि वह पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करते हैं या नहीं और सिर्फ एक मालिक लांसर कैपिटल ने इसमें दिलचस्पी दिखाई है।’
किसी भी खिलाड़ी ने औपचारिक रूप से NOC के लिए आवेदन नहीं किया है: PCB अधिकारी
PCB अधिकारी के मुताबिक आगामी ILT20 और SA20 के लिए किसी भी खिलाड़ी ने औपचारिक रूप से NOC के लिए आवेदन नहीं किया है। जब मांग की जाएगी तो अधिकारी इस पर अपनी बात सामने रखेंगे।
बता दें, इन दोनों लीग को मिलाकर 12 मालिकों में 11 भारतीय हैं और यह सभी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को इन दोनों टूर्नामेंट में शामिल होते हुए नहीं देखना चाहते हैं। अब देखना यह होगा कि अंतिम रिजल्ट क्या निकलता है। बता दें, प्रसिद्ध पाकिस्तानी विकेटकीपर मोइन खान के बेटे आजम खान को डेजर्ट वाईपर अपनी टीम में शामिल करना चाहती थी जिसके कोच टॉम मूडी थे।
फ्रेंचाइजी चाहती थी कि ज्यादा से ज्यादा पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया जा सके लेकिन हालिया रिपोर्ट के मुताबिक यह होता नहीं दिख रहा है। आजम खान ने अभी तक कई फ्रेंचाइजी लीग में प्रतिभाग किया है और उन्होंने इन सभी में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। बता दें, पाकिस्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ने अभी तक राष्ट्रीय टीम की ओर से तीन टी-20 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 6 के औसत और 85.71 के स्ट्राइक रेट से 6 रन बनाए हैं।