बांग्लादेश दौरे से पहले रवींद्र जडेजा ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन
बीसीसीआई जल्द ही जडेजा की जगह किसी खिलाड़ी को शामिल करेगा।
अद्यतन - Nov 23, 2022 9:50 am

टीम इंडिया के खेमे से एक बड़ी खबर सामने निकल कर आ रही है। टीम के स्टार ऑलरांडर रवींद्र जडेजा आगामी बांग्लादेश दौरे पर नहीं जाएंगे। चोट के कारण एशिया कप के बाद से बाहर किए गए भारत के हरफनमौला खिलाड़ी पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं। ऐसे में दिसंबर में होने वाले बांग्लादेश दौरे के लिए उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जा सकता है।
आपको बता दें कि, बांग्लादेश दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जडेजा अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं, जिस वजह से वह बांग्लादेश का दौरा नहीं कर सकते हैं। जडेजा को एशिया कप 2022 के दौरान चोट लगी थी, जिसके कारण वह 2022 टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए थे। जडेजा ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 31 अगस्त को हांगकांग के खिलाफ खेला था।
जडेजा की जगह किसे किया जाएगा टीम में शामिल
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया है कि ‘जडेजा पिछले कुछ समय में कई बार चेकअप और रिहैब के लिए NCA गए। पर अभी तक यह संभावना नहीं है कि वह बांग्लादेश दौरे पर होने वाली सीरीज के लिए फिट होंगे।” अब सवाल ये उठता है कि, अगर जडेजा फिट नहीं होते हैं तो उनकी जगह किसे टीम में शामिल किया जाएगा।
हालांकि जडेजा के रिप्लेसमेंट का ऐलान करना उतना आसान नहीं होगा। दरअसल हाल ही में बीसीसीआई ने सीनियर सेलेक्शन कमिटी के सभी सदस्य को बर्खास्त कर दिया था। इसलिए बीसीसीआई को नए चयन समिति का ऐलान जल्द से जल्द करना होगा।
टीम इंडिया इस समय तीन मैचों की T20I और ODI सीरीज के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर है। इस दौरे पर सीनियर प्लेयर जैसे रोहित शर्मा, केएल राहुल या विराट कोहली टीम में शामिल नहीं हैं। इस वजह से हार्दिक पांड्या ने हाल ही में समाप्त हुई सीरीज में T20I टीम का नेतृत्व किया, जिसे भारत ने 1-0 से अपने नाम किया। वहीं वनडे टीम की अगुआई शिखर धवन करेंगे।
बांग्लादेश दौरे के लिए भारत की वनडे टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल , वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर, यश दयाल
बांग्लादेश दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल , कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव