बड़ी खबर! वीवीएस लक्ष्मण बन सकते हैं टीम इंडिया के हेड कोच
इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए बीसीसीआई दो अलग-अलग टीमों का कर सकती है ऐलान।
अद्यतन - May 18, 2022 5:07 pm

टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को 26 जून से शुरू होने वाले आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का कोच बनाया जा सकता है। उस वक्त, भारत के हेड कोच राहुल द्रविड़ पुनर्निर्धारित पांचवें टेस्ट के साथ-साथ व्हाइट बॉल सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर होंगे। 19 जून को बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज के पूरा होने के बाद राहुल द्रविड़ इंग्लैंड जाने वाली टीम के साथ जुड़ेंगे।
हेड कोच राहुल द्रविड़ भारत के टेस्ट स्क्वॉड के साथ होंगे, जो पहले 24-27 जून तक लीसेस्टरशायर में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। वही टीम फिर बर्मिघंम में इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी और उस दौरान इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी बेन स्टोक्स करेंगे।
वीवीएस लक्ष्मण के पास है कोचिंग का काफी अनुभव
इस बीच, वीवीएस लक्ष्मण आयरलैंड दौरे पर राहुल द्रविड़ की गैर मौजूदगी में कोचिंग की जिम्मेदारी निभाएंगे। पूर्व भारतीय बल्लेबाज वर्तमान में बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में क्रिकेट निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। दिग्गज बल्लेबाज के पास कोचिंग डिपार्टमेंट में भी काफी अनुभव है।
बेंगलुरु में एनसीए में क्रिकेट निदेशक का पद संभालने से पहले, लक्ष्मण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और भारतीय घरेलू टीम बंगाल के साथ बल्लेबाजी सलाहकार के रूप में एक कोचिंग भूमिका में शामिल थे। वह उस अंडर-19 टीम के भी प्रभारी थे जिन्होंने इस साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज में वर्ल्ड कप जीता था।
आईपीएल के खत्म होने के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम पांच मैचों की T20I सीरीज खेलने के लिए भारत आएगी। इस सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) दो टीमों का एलान करेगी, जिसमें एक टीम में सीनियर खिलाड़ी शामिल होंगे। वहीं एक टीम में युवा खिलाड़ियों को रखा जाएगा, जिन्होंने इस आईपीएल में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है।
इस बीच सभी सीनियर खिलाड़ी इंग्लैंड दौरे पर होंगे तो उसे देखते हुए ऐसा कहा जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए जो खिलाड़ी टीम में होंगे उसी टीम को आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज के लिए डबलिन भी भेजा जाएगा।