रिपोर्ट्स: ऑस्ट्रेलिया में खेला जा सकता है भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मुकाबला, पूर्व क्रिकेटर ने किया बड़ा खुलासा
हाल ही में BCCI के सचिव जय शाह ने यह बयान दिया था कि अगले साल पाकिस्तान में होने वाले एशिया कप के लिए भारत पड़ोसी देश नहीं जाएगी।
अद्यतन - Nov 1, 2022 12:51 pm

ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के ग्रुप 12 स्टेज के रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4 विकेट से मात दी थी। इस मैच में विराट कोहली ने धुआंधार पारी खेलते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। बता दें, इस शानदार मुकाबले का लुफ्त उठाने स्टेडियम में 90 हजार से ज्यादा दर्शक आए थे।
ऑस्ट्रेलिया को भी यह चीज देखकर काफी हैरानी हुई क्योंकि बहुत ही कम मुकाबले ऐसे होते हैं जिनको देखने के लिए इतने भारी तादाद में लोग स्टेडियम आते हैं। ऐसी रिपोर्ट्स सामने आ रही है की ऑस्ट्रेलिया भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मुकाबले की मेजबानी करने के लिए इच्छुक है।
बता दें, कुछ समय पहले इंग्लैंड ने दोनों बोर्ड को यह ऑफर दिया था कि दोनों टीमों के बीच टेस्ट मुकाबला उनके देश में कराया जाए।
भारत और पाकिस्तान के बीच काफी लंबे समय से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है, हाल ही में BCCI के सचिव जय शाह ने यह बयान दिया था कि अगले साल पाकिस्तान में होने वाले एशिया कप के लिए भारत पड़ोसी देश नहीं जाएगी। उन्होंने कहा था कि भले ही बाकी देश पाकिस्तान में जाकर मुकाबले खेले लेकिन वो वहां नहीं जाएंगे। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर साइमन ओडॉनेल ने बताया है कि ऑस्ट्रेलिया में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला खेला जा सकता है।
तमाम दर्शक इन दोनों टीमों के बीच के मुकाबले का बेसब्री से इंतजार करते हैं: साइमन ओडॉनेल
साइमन ओडॉनेल ने बताया कि भारत और पाकिस्तान मुकाबले के बाद तमाम भारतीय प्रशंसकों ने सड़क पर जमकर जश्न मनाया। उनका ये जश्न देखने लायक था।
साइमन ओडॉनेल ने SEN ब्रेकफास्ट में कहा कि, ‘ भारत और पाकिस्तान का मुकाबला सच में काफी शानदार था। उस एक मैच ने सभी मुकाबलों को टक्कर दी। दर्शकों ने भी इसका खूब लुफ्त उठाया। उस न्यूट्रल वैल्यू में 90, 000 से ज्यादा लोग मुकाबला देखने आए और मुकाबले के बाद उन दर्शकों ने शानदार तरीके से इस मैच का जश्न मनाया।
इस स्तर में यह काफी कमाल की चीज़ रही। मैं ये कह सकता हूं कि यहां पर इन दोनों टीमों के बीच टेस्ट मैच के लिए जरूर बातचीत चल रही होगी। इसके अलावा भारत, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला की भी संभावना है।’
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘ भारत और पाकिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच की भी संभावना हो सकती है। जिस तरीके का मैच हमें टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में देखने को मिला है उसको देखते हुए यह कहा जा सकता है कि ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड ने इसको लेकर आपस में बातचीत जरूर की होगी।’