रिकी पोंटिंग ने विराट की वापसी पर दिया बड़ा बयान, कहा- चैंपियन खिलाड़ी तब वापसी करते हैं जब…
पोंटिंग ने जुलाई 2022 में कोहली का खराब फाॅर्म में समर्थन किया था और चयनकर्ताओं से कहा था कि उन्हें टीम में बनाए रखें ।
अद्यतन - नवम्बर 5, 2022 4:58 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया में जारी टी-20 विश्व कप में विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और उनकी इसी फॉर्म को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने बड़ा बयान दिया है। बता दें कि, रिकी पोंटिंग ने विराट कोहली का तब साथ दिया जब वह अपनी खराब फाॅर्म से गुजर रहे थे। गौरतलब है कि विराट कोहली एशिया कप 2022 में फाॅर्म में लौटने से पहले लगभग 3 साल तक खराब फाॅर्म से जूझ रहे थे और इस दौरान रन मशीन के बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला था।
लेकिन ऑस्ट्रेलिया के लिए दो विश्व कप जीतने वाले रिकी पोंटिंग को पूरा विश्वास था कि विराट कोहली फाॅर्म में लौटेंगे। पोंटिंग को विश्वास था कि कोहली शानदार प्रदर्शन जरुर करेंगे।
बता दें कि टी-20 विश्व कप की टीम इंडिया की टीम चुनने से पहले चयनकर्ताओं से कोहली को भारतीय टीम में रखने का आग्रह पोंटिंग ने किया था। और अब इसी को लेकर पूर्व विश्व चैंपियन कप्तान ने बताया कि आखिर क्यों उन्हें कोहली पर विश्वास था।
कोहली क्रिकेट के तीनों फाॅर्मेट के लंबे समय तक चैंपियन खिलाड़ी रहे हैं- पोंटिंग
आईसीसी को दिए इंटरव्यू में रिकी पोंटिंग ने विराट कोहली को लेकर कहा कि, वह लंबे समय तक तीनों प्रारूपों के चैंपियन खिलाड़ी रहे हैं। मैंने इस खेल में विशेष तौर पर चैंपियन खिलाड़ियों के बारे में एक चीज नोटिस की है कि आप उन्हें सिखा नहीं सकते हैं। वे हमेशा एक रास्ता खोजते रहते हैं और वे तब वापसी करते हैं जब सबसे ज्यादा जरुरत होती है।
इसके अलावा पोंटिंग ने कहा कि, अगर आप टी-20 विश्व कप 2022 में एक हफ्ता पीछे जाएं तो देखेंगे भारत-पाकिस्तान के बीच एमसीजी पर विराट ने कैसा प्रदर्शन किया था। विराट ने समय को पीछे धकेलते हुए एक मैच जिताऊ पारी खेल, प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया था। और मुझे लगता है कि यह खेल के नजरिए से एक शानदार पारी है जो मैंने देखी है।