ऋषभ पंत प्लेइंग इलेवन में दिनेश कार्तिक से कहीं ज्यादा आपके लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं - सबा करीम - क्रिकट्रैकर हिंदी

ऋषभ पंत प्लेइंग इलेवन में दिनेश कार्तिक से कहीं ज्यादा आपके लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं – सबा करीम

पंत आपके लिए ऐसी जगह से मैच को जीता सकते हैं जहां से किसी को उम्मीद नहीं होगी - सबा करीम

Saba Karim. (Photo Source: Twitter)
Saba Karim. (Photo Source: Twitter)

एशिया कप 2022 में भारतीय टीम ने जिस समय पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया और उसमें ऋषभ पंत का नाम शामिल नहीं था तो उससे सभी ने काफी हैरानी व्यक्त की थी। लेकिन इस बात की चर्चा काफी लंबे समय से देखने को मिल रही थी कि टीम को पंत और कार्तिक में से किसी एक को ही प्लेइंग इलेवन में शामिल करना है। जिसमें कप्तान रोहित शर्मा ने पहले मुकाबले में दिनेश कार्तिक को शामिल करने का फैसला किया।

बता दें कि 37 साल के कार्तिक ने इंडियन प्रीमियर लीग के बीते सीजन में काफी शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया में एक बार फिर से फिनिशर की भूमिका के तौर पर अपनी वापसी की है। लेकिन पंत को टीम से बाहर रखने का फैसला सभी की समझ से परे था। इसको लेकर पहले भी कई पूर्व खिलाड़ी अपनी राय रख चुके हैं। वहीं अब पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम ने भी अपने दिए बयान में कहा कि टीम मैनेजमैंट को दिनेश कार्तिक से पहले ऋषभ पंत को तरजीह देनी चाहिए।

सबा करीम ने स्पोर्ट्स-18 के शो स्पोर्ट्स ओवर द टॉप पर बातचीत करते हुए कहा कि, पंत टीम में एक एक्स फैक्टर की तरह है। वह आपको ऐसे हालात से मैच जिताने की क्षमता रखते हैं जहां आप सोच नहीं सकते। ऐसे आप पंत जैसे खिलाड़ी को आखिर क्यों प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने का फैसला करते हैं।

वहीं सबा करीम ने अपने इस बयान में यह भी बताया कि आखिर क्यों पंत को कार्तिक से पहले टीम में चुना जाना चाहिए, जिसमें उन्होंने कहा कि, मैं काफी हैरानी में था लेकिन मैं पंत को लेकर दिए अपने पहले के बयान पर पूरी तरह से कायम हूं जिसमें मैं कार्तिक से पहले उन्हें टीम में चुनूंगा। मुझे लगता है कि हमें आगे की तरफ देखना चाहिए क्योंकि पंत टीम के लिए अधिक उपयोगी साबित होंगे।

बाएं हाथ के बल्लेबाज के तौर पर जडेजा अब काफी अनुभवी दिखने लगे हैं – सबा करीम

पूर्व भारतीय चयनकर्ता ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अहम समय पर नंबर-4 पर खेलने वाले रवींद्र जडेजा की तारीफ करते हुए कहा कि वह पहले के मुकाबले काफी बेहतर बाएं हाथ के बल्लेबाज नजर आने लगे हैं। जिसमें जडेजा ने अपनी भूमिका को पूरी तरह से सही साबित करते हुए अहम समय पर हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर मैच विनिंग साझेदारी की थी।

close whatsapp