एशेज सीरीज में जोफ्रा आर्चर की भूमिका इंग्लैंड टीम के लिए बहुत ही जरूरी होने वाली है: रोब की
जोफ्रा आर्चर इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रहे हैं।
अद्यतन - May 5, 2023 11:06 am

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के खत्म होने के बाद कई इंग्लिश खिलाड़ी आगामी एशेज सीरीज के लिए इंग्लैंड के लिए रवाना हो जाएंगे। बता दें, यह शानदार टेस्ट सीरीज 16 जून से बर्मिंघम में शुरू हो रही है। कई क्रिकेट प्रशंसक इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इंग्लिश खिलाड़ी भी इस महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने को देखेंगे। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी इंग्लैंड की ओर से इस सीरीज में काफी घातक साबित हो सकते हैं। जोफ्रा आर्चर इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रहे हैं। हालांकि इस सीजन में उनका प्रदर्शन इतना अच्छा नहीं रहा है। हालांकि इंग्लैंड के मैनेजिंग डायरेक्टर रोब की का मानना है कि एशेज सीरीज में जोफ्रा आर्चर राष्ट्रीय टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
स्काई स्पोर्ट्स के मुताबिक एक इवेंट के दौरान रोब की ने कहा कि, ‘हम आयरलैंड टेस्ट के लिए टीम का चयन करने जा रहे हैं और मैं दुआ करता हूं कि जोफ्रा इस चयन के लिए उपलब्ध रहें। मुझे लगता है कि वो जरूर उपलब्ध रहेंगे। बेन स्टोक्स ने कहा है कि कैसे हमें 8 गेंदबाजों की जरूरत है और हम भी कुछ वैसा ही करने का सोच रहे हैं।’
जोफ्रा के टीम में जुड़ने से इंग्लैंड को काफी मजबूती मिलेगी: रोब की
रोब की ने आगे कहा कि, ‘जोफ्रा काफी अच्छे गेंदबाज हैं और मार्क वुड और ओली स्टोन के साथ वो काफी अच्छी गेंदबाजी करेंगे। इसके बाद हमारे पास स्टुअर्ट ब्रॉड, जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिंसन भी हैं। हमें लगता है कि एशेज सीरीज के किसी ना किसी समय पर जोफ्रा अपना इंपैक्ट डाल सकते हैं।’
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में जोफ्रा आर्चर मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रहे हैं। अभी तक उनका प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। जोफ्रा आर्चर ने अभी तक चार मुकाबले खेले हैं और उसमें सिर्फ दो विकेट हासिल किए हैं। बता दें, मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग 2022 ऑक्शन में जोफ्रा आर्चर को 8 करोड़ रुपए में खरीदा था।