श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज हारने के बावजूद रॉबिन उथप्पा भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की कर रहे जमकर तारीफ
गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। हालांकि, उन्हें वनडे सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।
अद्यतन - Aug 12, 2024 8:59 pm

पूर्व खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा ने हाल ही में भारतीय टीम के नए मुख्य कोच गौतम गंभीर की जमकर प्रशंसा की है। बता दें, गौतम गंभीर को हाल ही में भारतीय टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उनकी कोचिंग में भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया, लेकिन वनडे सीरीज में उन्हें श्रीलंका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।
टीम इंडिया के खिलाड़ियों का प्रदर्शन वनडे सीरीज में बेहद खराब रहा था। इस बीच पूर्व खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा ने कहा है कि गौतम गंभीर काफी अच्छे इंसान हैं और उन्हें यह बात पता रहती है कि किस खिलाड़ी के प्रदर्शन को और बेहतर कैसे किया जा सकता है।
रॉबिन उथप्पा ने द टाइम्स ऑफ़ इंडिया को बताया कि, ‘गंभीर बड़े अवसरों की तलाश करते हैं और उन्हें अपने नाम करना चाहते हैं। एक लीडर के रूप में उनकी यही योजना होती है कि वातावरण को और भी बेहतर किया जाए। वो एक महान कप्तान से ज्यादा एक बेहतरीन Tactician है। युवा खिलाड़ियों को उनसे काफी कुछ सीखने को मिलेगा।
गौतम गंभीर ऐसे लीडर है जो अपने खिलाड़ियों का हमेशा भला चाहते हैं और उन्हें पूरी तरह से सुरक्षा देते हैं। उनका संदेश सच में ग्रुप का आत्मविश्वास काफी बढ़ा देता है। इंडियन प्रीमियर लीग में भी हमने ऐसा ही देखा था और अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी भारतीय खिलाड़ियों को आने वाले समय में अच्छा प्रदर्शन करते हुए देखा जाएगा।’
गौतम गंभीर दबाव में हमेशा ही अच्छा प्रदर्शन करते हैं: रॉबिन उथप्पा
रॉबिन उथप्पा ने आगे ये भी कहा कि, ‘गौतम गंभीर ऐसे इंसान रहे हैं, जिन्होंने दबाव में हमेशा ही काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। एक लीडर के रूप में भी मुझे पूरा भरोसा है कि वो ग्रुप को सकारात्मक संदेश देंगे और उनके प्रदर्शन को और बेहतर करना चाहेंगे।’
बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से रॉबिन उथप्पा गौतम गंभीर की कप्तानी में खेल ले चुके हैं। उथप्पा को हमेशा ही गौतम गंभीर की प्रशंसा करते हुए देखा गया है।