'अगर वो प्लेऑफ में पहुंचते हैं तो ट्रॉफी पक्की..'- हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस को लेकर दिया बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘अगर वो प्लेऑफ में पहुंचते हैं तो ट्रॉफी पक्की..’- हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस को लेकर दिया बड़ा बयान

मुंबई इंडियंस 14 अंको के साथ आईपीएल 2023 पॉइंट्स टेबल में छठे पायदान पर है।

Mumbai Indians Harbhajan Singh (Photo Source: BCCI/IPL Twitter)
Mumbai Indians Harbhajan Singh (Photo Source: BCCI/IPL Twitter)

आईपीएल 2023 लीग स्टेज में मुंबई इंडियंस का आखिरी मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। आईपीएल का पिछला सीजन मुंबई इंडियंस के लिए काफी ज्यादा निराशाजनक रहा था। टीम ने सिर्फ 4 ही मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में दसवें स्थान पर जगह बनाई थी।

लेकिन मुंबई इंडियंस इस सीजन शानदार वापसी करती हुई नजर आई। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबला जीतकर टीम प्लेऑफ में जगह पक्की कर सकती है। इसी बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह ने मुंबई इंडियंस के अहम मुकाबले से पहले बड़ा बयान दिया है।

मुंबई के पास शानदार बल्लेबाजी क्रम है- हरभजन सिंह

हरभजन सिंह का मानना है कि मुंबई इंडियंस अगर प्लेऑफ में पहुंच जाती है तो फिर टीम छठी बार आईपीएल टाइटल जीतते हुए नजर आ सकती है। मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच से पहले हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स क्रिकेट लाइव पर बात करते हुए कहा, ‘अगर मुंबई आगे बढ़ता है तो फिर उन्हें रोकना मुश्किल होगा’

हरभजन सिंह ने आगे कहा, ‘जब वो प्लेऑफ में पहुंचते हैं तो ट्रॉफी जीतने की संभावना बढ़ जाती है। मुंबई के पास शानदार बल्लेबाजी क्रम है। अगर उनकी गेंदबाजी थोड़ी और अच्छी हो जाती है तो फिर उनसे बेहतर कोई नहीं है। इससे बेहतर कुछ नहीं सकता अगर CSK और MI फाइनल में पहुंचे।’

रोहित को मोटिवेशन की जरूरत नहीं- रवि शास्त्री

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल के मौजूदा सीजन में बल्ले से कमाल दिखा पाने में असमर्थ रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रोहित शर्मा शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ सकते हैं।

रवि शास्त्री ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘रोहित को किसी मोटिवेशन की जरूरत नहीं है। यह रोहित का दुर्भाग्य है कि उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं और वह दो-तीन गेंद खेलकर आउट हो रहे हैं। लेकिन एक बार उनके बल्ले से रन निकलेगा तो फिर उन्हें रोकना मुश्किल हो जाएगा।’

close whatsapp