टी-20 वर्ल्ड कप: जानें रोहित शर्मा ने टूर्नामेंट को क्यों बताया ‘गेम ऑफ थ्रोंस’
भारत टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत 23 अक्टूबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से करेगा।
अद्यतन - अक्टूबर 17, 2022 1:17 अपराह्न

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 16 अक्तूबर से हो चुकी है। श्रीलंका को पहले मुकाबले में नामीबिया के हाथों अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड ने रोमांचक और लो स्कोरिंग गेम में यूएई को 3 विकेट से हराया। टी-20 वर्ल्ड कप में 22 अक्तूबर से सुपर-12 के मैचों की शुरुआत गत-चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और रनर-अप न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से होगी।
इसके ठीक एक दिन बाद भारत अपने अभियान की शुरुआत 23 अक्तूबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से करेगा। वहीं आयोजनकर्ताओं ने इस मोस्ट अवेटिड टूर्नामेंट से पहले मेलबर्न में सभी 16 कप्तानों के साथ एक प्रेस काॅन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस काॅन्फ्रेंस में जह भारतीय कप्तान रोहित शर्मा से पूछा गया कि उस कमरे की व्यवस्था के बारे में बताइए जहाँ सभी कप्तान इकट्ठे हुए थे। तो उन्होनें बड़ा ही मजेदार जबाव दिया है।
रोहित ने दिया मजेदार जबाव:
ऑस्ट्रेलिया में जब सभी कप्तानों के साथ यह प्रेस कॅान्फ्रेंस स्टार्ट हुई तो सभी कप्तानो ने व्यवस्था को लेकर अपने-अपने अंदाज में जबाव दिया, लेकिन जब भारतीय कप्तान रोहित शर्मा से पूछा गया तो उन्होनें कहा कि “हां, यह वास्तव में बहुत अच्छा है, बस गेम ऑफ थ्रोन्स की तरह फील हो रहा।”
इसके अलावा अपनी टीम की तैयारियों को लेकर रोहित ने कहा कि “मैं अंतिम समय के फैसलों में विश्वास नहीं करता। हम अपने लड़कों को टीम चयन के बारे में पहले से सूचित करना चाहते हैं ताकि वे जल्दी तैयारी कर सकें। मेरे पास पाकिस्तान मैच के लिए पहले से ही मेरी प्लेयिंग इलेवन है। उन खिलाड़ियों को पहले ही सूचित कर दिया जाता है। मैं अंतिम समय की बात में विश्वास नहीं करता। मैं चाहता हूं कि वे अच्छी तैयारी करें।”
वहीं आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान इस टी-20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में करेंगे। दोनों टीम जब पिछली बार टी-20 विश्व कप में भिड़ी थी, तो भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। तब से, दोनों टीमों ने दो बार एक-दूसरे का सामना किया है और उनके दोनों मुकाबले हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप 2022 में हुए थे। जहां भारत ने ग्रुप स्टेज में पहला गेम जीता, वहीं पाकिस्तान ने सुपर फोर में दूसरा मुकाबला जीता था।