आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए रोहित शर्मा ने तो हार्दिक पांड्या की भूमिका पर बड़ी बात कह दी
रोहित शर्मा ने बताया क्या हार्दिक टी-20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं।
अद्यतन - Aug 1, 2022 6:52 pm

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 15 फरवरी को तीन मैचों की सीरीज का पहला टी-20 मैच खेला जाएगा। इसी सीरीज को लेकर जब कप्तान रोहित शर्मा मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में पहुंचे, तो उन्हें इस सीरीज, विराट के फॉर्म और आगामी टी-20 वर्ल्ड कप से जुड़े कुछ सवालों के जवाब का सामना करना पड़ा। उन्होंने आगामी टी20 वर्ल्डकप में टीम सिलेक्शन से लेकर कुलदीप यादव पर खुलकर बात की।
इसके साथ ही हिटमैन ने हार्दिक पांड्या की भूमिका पर भी प्रतिक्रिया दी। आपको बता दें कि पिछले साल विराट कोहली की कप्तानी में खेली गई टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का बुरा हाल रहा था वहां भारतीय टीम लीग स्टेज से भी आगे नहीं बढ़ पाई थी। लेकिन अब आगामी टी-20 वर्ल्डकप रोहित शर्मा की कप्तानी में खेला जाएगा।
रोहित ने हार्दिक पांड्या को लेकर दिया बड़ा बयान
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, रोहित से पूछा गया कि क्या ऑलराउंडर के लिए थिंक टैंक के दिमाग में एक विशिष्ट भूमिका है। तो उन्होंने कहा कि, “हार्दिक पांड्या एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं, वह तीनों विभाग में योगदान दे सकते हैं। हमारी इस बात पर चर्चा नहीं हुई है कि वह शुद्ध बल्लेबाज के रूप में खेल सकता है या नहीं।
यह सभी के उपलब्ध होने के बारे में है। टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से हमें चोटें आई हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि सभी खिलाड़ियों को उपलब्ध कराया जाए। एक बार जब वे उपलब्ध हो जाएंगे, तो हम दूसरे चरण को देखेंगे। हम इस बात पर विचार करेंगे कि विपक्षी कौन है, परिस्थितियां क्या हैं और कौन से खिलाड़ी इसके अनुकूल होंगे।”
रोहित ने आगे कहा कि, “दरवाजा सबके लिए खुला है। हम वर्ल्ड कप के लिए जल्दी फैसला नहीं ले सकते हैं। हमें वर्ल्ड कप के लिए सही टीम कॉम्बिनेशन ढूंढना होगा। ऑस्ट्रेलिया के हर मैदान के हालात अलग हैं, इसलिए सबके हिसाब से टीम कॉम्बिनेशन देखना होगा। हमें देखना होगा कि हमारे पास स्पिन और पेस ऑलराउंडर कितने हैं जो नीचे आकर अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं। ऐसा ही गेंदबाजों के साथ है, हालात के मुताबिक ही उनका इस्तेमाल होगा।”