23 जून यह तारीख टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के लिए है बेहद ही खास
रोहित शर्मा ने 15 साल पहले आज ही के दिन आयरलैंड के खिलाफ वनडे मुकाबले से अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
अद्यतन - जून 23, 2022 12:44 अपराह्न

23 जून 2022 यह भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे स्पेशल दिनों में से एक है क्योंकि देश के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक रोहित शर्मा ने आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 15 साल पूरे कर लिए हैं। आज ही इस दिन 2007 में रोहित ने आयरलैंड के खिलाफ भारत के लिए अपना वनडे डेब्यू किया था।
इंटरनेशनल डेब्यू के 15 साल पूरे होने पर रोहित शर्मा ने अपने फैन्स का आभार जताया है। उन्होंने अपने फैंस के लिए एक स्पेशल ट्वीट करते हुए लिखा कि, “आज मैं भारत के लिए पदार्पण करने के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 साल पूरे कर रहा हूं। यह निश्चित रूप से ऐसी जर्नी रही है, जिसे मैं जीवन भर याद करके रखूंगा।”
हिटमैन ने आगे लिखा कि, “मैं बस उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जो इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं। उन लोगों को विशेष धन्यवाद जिन्होंने मुझे वो खिलाड़ी बनने में मदद की जो मैं आज हूं। सभी क्रिकेट प्रेमियों, प्रशंसकों और आलोचकों को धन्यवाद, टीम के लिए आपका प्यार और समर्थन ही हमें उन बाधाओं से आगे बढ़ाता है, जिसका हम सभी अनिवार्य रूप से सामना करते रहे हैं।”
यहां देखिए फैंस के लिए रोहित शर्मा का वो स्पेशल पोस्ट
𝟭𝟱 𝘆𝗲𝗮𝗿𝘀 in my favourite jersey 👕 pic.twitter.com/ctT3ZJzbPc
— Rohit Sharma (@ImRo45) June 23, 2022
आपको बता दें कि रोहित शर्मा इस वक्त भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड के दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत पांचवें और पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच से होगी, जो एक जुलाई से खेला जाएगा। यह मैच पिछले साल खेली गई सीरीज का हिस्सा होगा जिसमें भारत फिलहाल 2-1 से आगे है।
इंटरनेशल क्रिकेट में रोहित शर्मा के आंकड़े हैं कमाल के
रोहित शर्मा ने अब तक 45 टेस्ट, 230 वनडे और 125 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस दौरान उन्होंने वनडे में 9283, टेस्ट में 3137 और टी-20 इंटरनेशनल में 3313 रन बनाए हैं। उनके नाम टेस्ट में 8, वनडे क्रिकेट में 29 और टी-20 इंटरनेशनल में 4 शतक दर्ज हैं।