ब्रेक को लेकर भारतीय क्रिकेट में फिर से होगा बवाल; श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज को लेकर आई बड़ी खबर
भारत और श्रीलंका के बीच 3 जनवरी से 6 मैचों की सीमित ओवरों की सीरीज खेली जानी है।
अद्यतन - दिसम्बर 27, 2022 6:13 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली कथित तौर पर श्रीलंका के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। आपको बता दें, भारत 3 जनवरी से 6 अलग-अलग स्थानों पर तीन मैचों की T20I और तीन मैचों की वनडे सीरीज में श्रीलंका मेजबानी करने के लिए तैयार है।
हालांकि, बीसीसीआई ने आगामी घरेलू सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वॉड का चयन नहीं किया है, लेकिन क्रिकबज की एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा उंगली में लगी चोट से अभी तक पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं, इसलिए वह T20I सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे, और हार्दिक पांड्या टीम की कमान संभालेंगे।
ब्रेक को लेकर भारतीय क्रिकेट में फिर से होगा बवाल
वहीं दूसरी ओर रिपोर्ट में दावा किया गया है कि विराट कोहली श्रीलंका के खिलाफ केवल वनडे सीरीज में ही एक्शन में नजर आ सकते हैं, क्योंकि पूर्व भारतीय कप्तान ने आगामी वनडे और टेस्ट मैचों को ध्यान में रखते हुए आगामी T20I सीरीज से ब्रेक का अनुरोध किया है।
आपको बता दें, रोहित शर्मा के हाथ की उंगली बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान चोटिल हो गई थी, जिस कारण वह तीसरे वनडे और दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए थे, और अब उनका श्रीलंका के खिलाफ T20I सीरीज से भी बाहर होना तय है, क्योंकि उन्हें अभी और कुछ समय आराम करने की सलाह दी गई है।
इस बीच, भारत के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की सीरीज के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं। वह 2022 एशिया कप से लेकर अब तक घुटने की चोट के कारण मैदान से बाहर चल रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर क्रिकबज के अनुसार, चेतन शर्मा की अगुवाई वाली आउटगोइंग चयन समिति श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज के लिए भारत के स्क्वॉड का चयन करेगी, जबकि अगले कुछ हफ्तों में नई चयन समिति का गठन होना तय है।