‘उनको WTC Final पर ध्यान देना चाहिए…’- बीच आईपीएल में सुनील गावस्कर ने रोहित शर्मा को दी ब्रेक की सलाह
गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में रोहित शर्मा मात्र 2 रन पर आउट हो गए थे।
अद्यतन - Apr 26, 2023 2:53 pm

आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस काफी ज्यादा निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए नजर आ रही है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मुकाबले में टीम को 55 रनों से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207 रन बोर्ड पर लगाए थे। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर मात्र 152 रन ही बना पाई थी।
कप्तान रोहित शर्मा पारी के दूसरे ही ओवर में हार्दिक पांड्या के हाथों मात्र 2 रन पर पवेलियन लौट गए थे। रोहित शर्मा के फ्लॉप प्रदर्शन के बाद पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर का कहना है कि रोहित शर्मा को अब ब्रेक की जरूरत है।
मुंबई के बैटिंग ऑर्डर में बड़ा बदलाव चाहते हैं सुनील गावस्कर
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल 2023 में अपना शानदार फॉर्म दिखा पाने में नाकामयाब रहे हैं। जिसके चलते दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने रोहित शर्मा को बीच आईपीएल में ब्रेक लेने की सलाह दे दी है। सुनील गावस्कर का कहना है कि ब्रेक के चलते रोहित शर्मा आगामी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी ध्यान दे पाएंगे।
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘मैं मुंबई इंडियंस के बैटिंग ऑर्डर में कुछ बदलाव देखना चाहता हूं। ईमानदारी से कहूं तो रोहित शर्मा को कुछ समय के लिए ब्रेक ले लेना चाहिए। और अपने आप को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए फिट रखना चाहिए। वह आईपीएल के आखिरी कुछ मैचों में वापसी कर सकते हैं लेकिन अभी उन्हें ब्रेक लेना चाहिए।’
मुंबई इंडियंस नंबर-4 पर फिनिश कर सकती है- सुनील गावस्कर
मुंबई इंडियंस इस वक्त 7 मैच में तीन जीत और 6 अंको के साथ पॉइंट्स टेबल में सातवें पायदान पर है। सुनील गावस्कर का मानना है कि प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के लिए मुंबई इंडियंस को चमत्कार की जरूरत है।
सुनील गावस्कर ने आगे बात करते हुए कहा, ‘वह चमत्कार है जिसके चलते ही टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई कर सकते हैं। अभी वो जिस तरह से हैं शायद वह नंबर-4 पर फिनिश कर सकते हैं। लेकिन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में ही उन्हें कुछ अविश्वसनीय क्रिकेट खेलने की जरूरत है।’ आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 30 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।