14 अप्रैल को 10 साल पहले संजू सैमसन ने किया था अपना IPL डेब्यू, RR ने सोशल मीडिया पर साझा की एक खास वीडियो
14 अप्रैल 2013 को राजस्थान रॉयल्स के इस समय के कप्तान संजू सैमसन ने इंडियन प्रीमियर लीग में अपना डेब्यू मुकाबला किंग्स XI पंजाब (पंजाब किंग्स) के खिलाफ खेला था।
अद्यतन - Apr 14, 2023 6:04 pm

14 अप्रैल 2013 को राजस्थान रॉयल्स के इस समय के कप्तान संजू सैमसन ने इंडियन प्रीमियर लीग में अपना डेब्यू मुकाबला किंग्स XI पंजाब (पंजाब किंग्स) के खिलाफ खेला था। संजू सैमसन को इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते हुए कुल 10 साल हो चुके हैं और इसी को लेकर राजस्थान रॉयल्स ने अपने कप्तान के लिए एक स्पेशल वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग के अपने डेब्यू मुकाबले में संजू सैमसन ने किंग्स XI पंजाब के खिलाफ 23 गेंदों में 27 रन की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली थी और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। संजू सैमसन ने सिर्फ 2016 और 2017 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेला और उसके बाद वो फिर से राजस्थान रॉयल्स टीम में चले गए।
इंडियन प्रीमियर लीग 2022 में उनकी कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। हालांकि फाइनल में उन्हें गुजरात टाइटंस ने जबरदस्त मात दी। राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में एक वीडियो साझा की है जिसमें उन्होंने संजू सैमसन के IPL डेब्यू से लेकर अभी तक के सफर को दिखाया। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, ’14. 04.2013: संजू ने किया अपना IPL डेब्यू और बाकी अब उनकी कहानी है।’
यह रही वीडियो:
14.04.2013: Sanju makes his IPL debut. And the rest is 𝘩𝘪𝘴 𝘴𝘵𝘰𝘳𝘺. 🫡💗 pic.twitter.com/7MtySFIqIU
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 14, 2023
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की बात की जाए तो राजस्थान रॉयल्स ने अभी तक इस टूर्नामेंट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभी तक चार मुकाबले खेले हैं जिसमें से तीन में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि 1 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इस समय वो इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की अंक तालिका में पहले स्थान पर है।
राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के अपने पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 72 रनों से मात दी। इसके बाद उनको पंजाब किंग्स ने 5 रनों से हराया। राजस्थान रॉयल्स ने इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स को भी जबरदस्त मात दी। अब उन्हें अपना अगला मुकाबला 16 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलना है।