SA vs IND 2023-24: बॉक्सिंग डे टेस्ट में हार के बाद रवींद्र जडेजा की फिटनेस और उपलब्धता पर सामने आई बड़ी खबर
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 3 जनवरी से केप टाउन में खेला जाएगा।
अद्यतन - दिसम्बर 29, 2023 4:03 अपराह्न

India’s tour of South Africa 2023-24, SA vs IND: भारतीय क्रिकेट टीम को 28 दिसंबर 2023 को सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक पारी और 32 रनों की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।
इस करारी हार के साथ भारत का दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने का सपना एक बार और टूट गया, जबकि मेजबान टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस बीच, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में निराशाजनक हार के बाद टीम इंडिया के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है।
दरअसल, स्टार भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ केपटाउन में 3 जनवरी से शुरू होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट के लिए टीम में वापसी कर सकते हैं। आपको बता दें, जडेजा पीठ के ऊपरी हिस्से में ऐंठन के कारण सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में नहीं खेल पाए थे।
Ravindra Jadeja ने वार्म-अप सेशन में हिस्सा लिया
हालांकि, रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) पहले टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया के वार्म-अप सेशन में शामिल हुए और इस दौरान उन्होंने थोड़ी दौड़ लगाई और फिटनेस अभ्यास भी किया और अच्छी खबर यह है कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। सेंचुरियन में पहले टेस्ट के तीसरे दिन लंच ब्रेक के दौरान रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) की गेंदबाजी सबसे पॉजिटिव संकेत थी। उन्होंने इस दौरान बिना किसी दिक्कत के गेंदबाजी की।
भारत के सीनियर ऑलराउंडर ने रिजर्व तेज गेंदबाज मुकेश कुमार के साथ लगभग 20 मिनट तक अभ्यास ट्रैक पर गेंदबाजी की और टीम के कंडीशनिंग कोच रजनीकांत उन्हें मॉनिटर कर रहे थे। वह मुख्य रूप से स्पॉट बॉलिंग कर रहे थे, हालांकि उनके पास खुद दो कदम का रन-अप है।
जडेजा कुछ टर्न भी लेते हुए नजर आए
जडेजा लगातार मौके पर हिट कर रहे थे और इस दौरान कुछ टर्न भी लेते हुए नजर आए। तो सबसे बढ़िया बात यह है कि छोटे गेंदबाजी सेशन के दौरान वह बिल्कुल भी डरकर या सावधानीपूर्वक गेंदबाजी नहीं कर रहे थे। यह केपटाउन में दूसरे टेस्ट में जडेजा की संभावित वापसी का बड़ा संकेत है।