सचिन तेंदुलकर ने किया बड़ा खुलासा, बताया कैसे पूर्व भारतीय कोच ने गॉड ऑफ क्रिकेट के रिकॉर्ड की भविष्यवाणी की - क्रिकट्रैकर हिंदी

सचिन तेंदुलकर ने किया बड़ा खुलासा, बताया कैसे पूर्व भारतीय कोच ने गॉड ऑफ क्रिकेट के रिकॉर्ड की भविष्यवाणी की

सचिन तेंदुलकर ने 200 टेस्ट मुकाबलों में 15,921 रन बनाए हैं जबकि 463 वनडे मुकाबलों में 18,423 रन जड़े हैं।

John Wright and Sachin Tendulkar (Pic Source-Twitter)
John Wright and Sachin Tendulkar (Pic Source-Twitter)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उनके इस रिकॉर्ड को आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है। यही नहीं क्रिकेट का भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटिंग करियर में कुल 100 शतक जड़े हैं। उन्होंने टेस्ट फॉर्मेट में 51 शतक जड़े हैं जबकि वनडे में 49 शतक।

उन्होंने अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक मार्च 16, 2012 में एशिया कप में बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर के शेरे बांग्ला स्टेडियम में पूरा किया। आज यानी 24 अप्रैल को सचिन तेंदुलकर अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं और आज ही के दिन उन्होंने इस बात का खुलासा किया कि यह उपलब्धि को हासिल करना बहुत ही मुश्किल था।

सचिन तेंदुलकर ने क्रिकबज से कहा कि, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। मैं इसके बारे में सोच भी नहीं रहा था। काफी साल पहले जॉन राइट ने मुझसे फ्लाइट में कहा था कि आप पहले खिलाड़ी होंगे जो 100 शतक बनाएंगे। मैंने उनसे कहा था कि, ‘जॉन आप क्या कह रहे हैं।’ इस पर उन्होंने कहा कि, ‘मैं मजाक नहीं कर रहा।’ मैं भी इसको लेकर कुछ भी नहीं सोच रहा था।’

मैं जहां भी जाता था लोग इसके बारे में बात करते थे: सचिन तेंदुलकर

सचिन तेंदुलकर ने आगे कहा कि, ‘मैं जहां भी जाता था लोग इसके बारे में बात करते थे। थोड़ा डर जरूर था और जैसा मैं सोच रहा था वैसा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा था। मैं काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था, कभी-कभी मैं शतक के पास पहुंच रहा था लेकिन उसे पूरा नहीं कर पा रहा था। 2011 वर्ल्ड कप में मैं इस रिकॉर्ड को पूरा कर सकता था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि एक साल बाद मैंने अपने 100 शतक पूरे किए।’

बता दें, तेंदुलकर की 114 रन की पारी के बदौलत भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप 2012 में 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 289 रन बनाए थे। हालांकि उस मैच में बांग्लादेश ने जीत दर्ज की। सचिन तेंदुलकर ने 200 टेस्ट मुकाबलों में 15,921 रन बनाए हैं जबकि 463 वनडे मुकाबलों में 18,423 रन जड़े हैं।

close whatsapp