सभी टीमों के लिए बजी खतरे की घंटी, टी-20 वर्ल्ड कप के लिए शाहीन अफरीदी हुए फिट
17 और 19 अक्टूबर को होने वाले इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ वॉर्म अप मैच के लिए शाहीन अफरीदी उपलब्ध रहेंगे।
अद्यतन - अक्टूबर 11, 2022 8:14 अपराह्न

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी क्रिस्टल पैलेस फुटबॉल क्लब में PCB की चिकित्सा सलाहकार समिति की देखरेख में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद ICC पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए 15 अक्टूबर को पाकिस्तान टीम के साथ जुड़ेंगे।
अच्छी बात यह है कि 17 और 19 अक्टूबर को होने वाले इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ वॉर्म अप मैच के लिए शाहीन अफरीदी उपलब्ध रहेंगे। टीम मैनेजमेंट अभी भी उनकी फिटनेस को लेकर पूरी देखरेख कर रही है।
राष्ट्रीय टीम में वापस जुड़ने के लिए बेताब हूं: शाहीन शाह अफरीदी
शाहीन अफरीदी ने कहा कि, ‘टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए मैं अपनी राष्ट्रीय टीम में वापस जुड़ने के लिए बेताब हूं। पिछले कुछ महीने मेरे लिए काफी मुश्किल भरे रहे हैं लेकिन अब मुझे टीम में वापसी करके काफी खुशी महसूस हो रही है। टीम ने इस बीच काफी बेहतरीन मुकाबले खेले।’
शाहीन ने आगे कहा कि, ‘पिछले 10 दिनों से मैं अपने पूरे रन अप से 6-8 ओवर फेंक रहा हूं। भले ही नेट्स में मैं जमकर बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर रहा हूं लेकिन मैच का मजा उठाने के लिए मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।’
पाकिस्तानी तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि, ‘ये वाकई काफी मुश्किल रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम रहा, लेकिन सच बताऊं तो मुझे इसमें काफी मजा आया। मैं पहले से ज्यादा फिट महसूस कर रहा हूं और अब अपनी किट पहनने का और तेज गेंदबाजी करने का इंतजार नहीं हो रहा है।’
मैं PCB की चिकित्सा सलाहकार समिति के साथ-साथ क्रिस्टल पैलेस FC का भी धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने काफी अच्छी तरह से रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम को पूरा किया और मेरी देखभाल की।’
वहीं सलामी बल्लेबाज फखर जमान जिनको टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल किया गया है वो भी शाहीन अफरीदी के साथ ब्रिसबेन जाएंगे। उनके साथ नेशनल हाई परफारमेंस सेंटर (NHPC) के कोच उमर राशिद भी मौजूद होंगे। फखर PCB के मुख्य चिकित्सा अधिकारी और टीम डॉक्टर नजीबुल्लाह सूमरो की देखरेख में अपना रिहैबिलिटेशन पूरा करेंगे, जिसके बाद जरूरत पड़ने पर उनके खेलने पर फैसला लिया जाएगा।