शाहीन अफरीदी की फिटनेस पर पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा ने दी अहम अपडेट - क्रिकट्रैकर हिंदी

शाहीन अफरीदी की फिटनेस पर पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा ने दी अहम अपडेट

भारत और पाकिस्तान के बीच 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में मुकाबला खेला जाएगा।

ramiz raja on shaheen afridi (pic source-twitter)
ramiz raja on shaheen afridi (pic source-twitter)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के अपने पहले मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। रमीज राजा ने इस बात की पुष्टि की है कि शाहीन अफरीदी पूरी तरह से फिट हैं और इस टूर्नामेंट में वो भारत के खिलाफ वो खेलते हुए नजर आएंगे। बता दें, भारत और पाकिस्तान के बीच 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में मुकाबला खेला जाएगा। यह दोनों ही टीमों का इस मुख्य टूर्नामेंट का पहला मैच होगा।

शाहीन अफरीदी को जुलाई महीने में खेले गए श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में घुटने में चोट लग गई थी, जिसकी वजह से वो एशिया कप 2022 का हिस्सा नहीं बन पाए थे और साथ ही में इंग्लैंड के खिलाफ सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज से भी बाहर थे। इन दोनों सीरीज में कई मौकों पर पाकिस्तान को उनकी कमी खली। लेकिन टीम और प्रशंसकों के लिए यह खुशखबरी की बात है कि शाहीन अब फिट हैं और टी-20 वर्ल्ड कप में खेलते हुए नजर आएंगे।

 शाहीन अफरीदी काफी तेजी से ठीक हो रहे हैं: रमीज राजा

पाकिस्तानी चैनल Dawn से बात करते हुए रमीज राजा ने कहा कि, ‘मैंने 2 दिन पहले शाहीन अफरीदी से बात की। वो काफी तेजी से ठीक हो रहे हैं और डॉक्टरों ने भी मुझे उनकी वीडियो भेजी। वो 90% ठीक हो चुके हैं और डॉक्टरों को लगता है कि वर्ल्ड कप से पहले वो पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे।

घुटने की चोट काफी नाजुक होती है इसलिए हमने यही सोचा था कि जब तक वो 110% ठीक नहीं हो जाते हैं हम जोखिम नहीं उठाएंगे। हमनें शाहीन से बात की और उन्होंने कहा कि वो अभी 110% फिट हैं। उन्होंने कहा कि वो ऑस्ट्रेलिया जाएंगे और अभ्यास मुकाबले खेलेंगे और उसके बाद वो भारत के खिलाफ मैच के लिए भी तैयार हैं।’

फखर ज़मान भी काफी तेजी से ठीक हो रहे हैं: रमीज राजा

पाकिस्तान टीम के विस्फोटक बल्लेबाज फखर ज़मान को लेकर भी रमीज राजा ने बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी बल्लेबाज काफी तेजी से ठीक हो रहे हैं और अगर वो अपनी फिटनेस में पूरी तरह से वापसी कर लेते हैं तो टीम में उनको भी शामिल कर लिया जाएगा।

रमीज राजा ने आगे कहा कि, ‘फखर ज़मान भी ठीक हो रहे हैं और मेरा मानना है कि अगर वो पूरी तरह से फिट हो जाते हैं तो वो भी टीम में आ सकते हैं। इसके अलावा उस्मान कादिर की उंगली में हेयरलाइन फ्रैक्चर है इसलिए हमें बाकी विकल्पों पर भी गौर करना होगा।’

close whatsapp