शाहीन अफरीदी की तारीफ में शॉन टेट की फिसल गई जुबां, ऑस्ट्रलियाई दिग्गज कह गए बड़ी बात
पाकिस्तान क्रिकेट टीम में कोच का पद क्या मिला शॉन टेट तो शाहीन अफरीदी की तारीफ में भूल ही गए कि वह कोच है खिलाड़ी नहीं!
अद्यतन - मार्च 23, 2022 2:41 अपराह्न

पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी कोच शॉन टेट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में मेजबान टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश हैं। आपको बता दें, शॉन टेट ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाजी कोच के रूप में एक साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं।
पूर्व ऑस्ट्रलियाई गेंदबाज पाकिस्तान की तेज गेंदबाजी यूनिट के साथ काम करने के लिए उत्सुक है। लाहौर टेस्ट के दूसरे दिन की शुरुआत से पहले शॉन टेट ने पाकिस्तान के प्रतिभावान तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की जमकर तारीफ की और कहा वह युवा क्रिकेटर बहुत कुछ सीख रहे हैं।
शॉन टेट ने की शाहीन अफरीदी की जमकर तारीफ
शॉन टेट ने पाकिस्तान क्रिकेट को बताया: “शाहीन अफरीदी एक महान गेंदबाज हैं और बहुत सारे सवाल पूछता हैं। अब तक, मैंने उसके साथ अपने समय का आनंद लिया है और वास्तव में मैंने उससे बहुत कुछ सीखा है। वह अपनी उम्र के हिसाब से बहुत परिपक्व और कुशल हैं। शाहीन अफरीदी ने लाहौर में पारंपरिक और रिवर्स स्विंग दोनों हासिल कर अपनी निपुणता साबित की है।”
आपको बता दें, शाहीन अफरीदी ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में चार विकेट चटकाए, वहीं नसीम शाह भी चार विकेट लेने में कामयाब रहे। शानदार गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 391 रनों पर समेट दिया। जवाब में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने शानदार शुरुआत की। फिलहाल, मेजबान टीम का पहली पारी में स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 191 है। वर्तमान में क्रीज पर अजहर अली (74*) और बाबर आजम (16*) है, वहीं ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस और नाथन ल्योन को 1-1 सफलता मिली।
ऑस्ट्रेलिया 24 सालों बाद पहली बार पाकिस्तान के दौरे पर है, जिसकी शुरुआत तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ हुई। जारी टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबले रावलपिंडी और कराची में ड्रॉ रहे। फिलहाल, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमों के बीच तीसरे टेस्ट में जीत के लिए लाहौर में जंग जारी है। टेस्ट सीरीज के बाद तीन वनडे और एक टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच भी खेला जाएगा।