IPL 2023 में थे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज, अब अपने खराब फॉर्म से गुजर रहे है शुभमन गिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2023 में थे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज, अब अपने खराब फॉर्म से गुजर रहे है शुभमन गिल

शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में 16 गेंदों में एक चौके की मदद से 7 रन बनाए।

Shubman Gill (Pic Source-Twitter)
Shubman Gill (Pic Source-Twitter)

भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल इस समय खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पिछले कुछ समय से उनका फॉर्म काफी निराशाजनक रहा है। वनडे और टेस्ट दोनों ही प्रारूपों में वो पिछले कुछ समय से बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं।

बता दें, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 का फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेला गया था जिसमें कंगारू टीम ने जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले की पहली पारी में शुभमन गिल ने 15 गेंदों में दो चौकों की मदद से 13 रन बनाए जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 19 गेंदों में दो चौकों की मदद से 18 रन बनाए।

इस फाइनल के बाद अभी भारतीय टीम वेस्टइंडीज दौरे में है। दोनों टीमों के बीच पहले दो मुकाबले की टेस्ट सीरीज खेली गई थी जिसमें भारत ने 1-0 से जीत दर्ज की। पहले टेस्ट मैच की बात की जाए तो शुभमन गिल इस मुकाबले में भी अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे और उन्होंने इस मुकाबले में 11 गेंदों में एक चौके की मदद से 6 रन बनाए। तमाम लोगों को गिल से दूसरे टेस्ट में बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन उसमें भी उनका बल्ला नहीं चला।

दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में उन्होंने 12 गेंदों में दो चौकों की मदद से 10 रन बनाए जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 37 गेंदों में एक चौके की मदद से 29* रन बनाए।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में भी खामोश रहा शुभमन गिल का बल्ला

27 जुलाई को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से करारी शिकस्त की और तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। इस मैच में भी शुभमन गिल का बल्ला खामोश रहा। शुभमन गिल ने पहले वनडे मैच में 16 गेंदों में एक चौके की मदद से 7 रन बनाए। उनके तमाम प्रशंसक इस बात से काफी निराश हैं कि गिल फिलहाल बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं।

खुद भारतीय बल्लेबाज यही चाहेंगे कि आने वाले मुकाबलों में वो अच्छी बल्लेबाजी करें और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दें। इस साल भारत में वनडे वर्ल्ड कप भी खेला जाता है और उसमें भी इस युवा खिलाड़ी का बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है।

close whatsapp