शुभमन गिल से अब बचकर रहना होगा पाकिस्तान टीम को, आईसीसी की ओर से भारतीय बल्लेबाज को मिला शानदार तोहफा
शुभमन गिल ने सितंबर महीने में 80 के औसत से वनडे में 480 रन बनाए थे।
अद्यतन - Oct 13, 2023 4:03 pm

सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले सितंबर 2023 का आईसीसी पुरुष खिलाड़ी ऑफ द मंथ अवार्ड अपने नाम किया। शुभमन गिल ने अपने टीम के साथी मोहम्मद सिराज और इंग्लैंड के धुआंधार बल्लेबाज डेविड मलान को मात देकर यह अवार्ड अपने नाम किया।
बता दें, शुभमन गिल ने सितंबर महीने में 80 के औसत से वनडे में 480 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने एशिया कप 2023 में 75.5 के औसत से 302 रन बनाए जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक मौजूद है। उन्होंने कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ 121 रनों की बेहतरीन पारी भी खेली थी। उसके बाद गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो पारियों में 178 रन बनाए। कुल मिलाकर शुभमन गिल ने 35 मुकाबलों में 66.1 के औसत से 1917 रन बनाए हैं।
चमारी अटापट्टू ने आईसीसी महिला खिलाड़ी ऑफ़ द मंथ अवार्ड जीता
बता दें, श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की बेहतरीन कप्तान चमारी अटापट्टू ने सितंबर 2023 का आईसीसी महिला खिलाड़ी ऑफ़ द मंथ अवार्ड जीता। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की Nadine de Klerk और लौरा वोल्वार्ट को हराया। चमारी अटापट्टू ने पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई लिमिटेड ओवर्स सीरीज और 2023 एशियन गेम्स में 208 रन और 5 विकेट अपने नाम किए थे।
इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा चुकी तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में कुल 114 रन बनाए थे और पांच विकेट अपने नाम किए थे। चमारी अटापट्टू इस समय काफी अच्छे फॉर्म में है और अब महिला बिग बैश लीग में भी वो अपनी टीम की ओर से जबरदस्त पारी खेलती हुई नजर आएंगी।
शुभमन गिल की बात की जाए तो तबीयत ठीक ना होने की वजह से वो आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआती दो मैच में नहीं खेल पाए थे। हालांकि इस समय गिल पहले से काफी अच्छे दिख रहे हैं और उम्मीद लगाई जा सकती है कि 14 अक्टूबर को होने वाले पाकिस्तान के खिलाफ मैच में वो भी खेलते हुए नजर आए।