शुभमन गिल के नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने से खुश नहीं हैं लखविंदर गिल

IND vs ENG: “उन्हें ओपनिंग करना चाहिए था” बेटे को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए देखकर खुश नहीं हैं गिल के पिता

धर्मशाला टेस्ट मैच की पहली पारी में शुभमन गिल ने बनाए 110 रन।

Shubman Gill (Photo Source: X/Twitter)
Shubman Gill (Photo Source: X/Twitter)

इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल ने शानदार वापसी की है। पहले टेस्ट मैच में फ्लॉप होने के बाद शुभमन प्लेइंग XI से बाहर होने के कगार पर थे। लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उन्हें दूसरे टेस्ट मैच में मौका देने का फैसला किया और फिर उन्होंने उस मैच की दूसरी पारी में शतक लगाया और टीम में अपनी जगह बचाई।

उस शतकीय पारी के बाद से शुभमन गिल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। धर्मशाला में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच में भी उन्होंने शानदार शतक लगाया। जब शुभमन गिल ने धर्मशाला में शतक लगाया तब उस वक्त उनके पिता भी मैदान पर मौजूद थे और वो अपने बेटे की उस पारी को देखकर काफी खुश नजर आए।

इसी बीच शुभमन गिल की इस शतकीय पारी को लेकर उनके पिता लखविंदर गिल ने बड़ा बयान दिया है। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि वो अपने बेटे के नंबर पर बल्लेबाजी करने के फैसले से खुश नहीं थे। PTI से बात करते हुए, शुभमन गिल के पिता ने कहा कि नंबर 3 पर बल्लेबाजी करना दोधारी तलवार है क्योंकि यह न तो ओपनिंग और न ही मध्य क्रम की स्थिति है।

शुभमन गिल के नंबर तीन पर बल्लेबाजी को लेकर उनके पिता ने दिया बड़ा बयान

लखविंदर गिल ने कहा कि, “उन्हें ओपनिंग करना जारी रखना चाहिए था। मुझे लगता है कि यह बिल्कुल भी सही नहीं है। जब आप ड्रेसिंग रूम में अधिक देर तक बैठते हैं, तो दबाव बढ़ जाता है। नंबर 3 ओपनिंग नहीं कर रहा है और न ही यह मध्यक्रम का स्थान है।” हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के दूसरे टेस्ट के बाद से शुभमन गिल ने काफी अच्छी क्रिकेट खेली है।

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पिछली छह पारियों में दो शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। उनके पिता ने आगे कहा कि, “गेंद को खेलने के लिए क्रीज से बाहर निकलने से बहुत फर्क पड़ा है। जिस क्षण आप अपना स्वाभाविक खेल नहीं खेलते हैं, आप मुसीबत में पड़ जाते हैं। अपने अंडर-16 दिनों के बाद से, वह स्पिनरों और तेज गेंदबाजों के खिलाफ आगे बढ़कर शॉट खेल रहे हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि, “मैं उसके फैसलों में हस्तक्षेप नहीं करता। मैं सिर्फ उसके साथ ट्रेनिंग करता हूं। वह अपने फैसले खुद लेने के लिए काफी समझदार है। मैंने उसकी ओर से तभी फैसले लिए जब वह बच्चा था।”

close whatsapp