SL vs PAK: अब्दुल्लाह शफीक ने पूरा किया शतक तो कप्तान बाबर आजम का जश्न मनाने का तरीका हुआ वायरल
342 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट खोकर 222 रन बना लिए हैं।
अद्यतन - जुलाई 19, 2022 8:13 अपराह्न

श्रीलंका बनाम पाकिस्तान के बीच पहले टेस्ट मुकाबले का आज चौथा दिन समाप्त हो चुका है। पाकिस्तान टीम चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अच्छी स्थिति पर है। उनको पहला टेस्ट जीतने के लिए आखिरी दिन में 120 रन चाहिए और उनके अभी भी 7 विकेट बचे हुए हैं। यह मुकाबला गॉल में खेला जा रहा है।
श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 222 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 218 रन बनाए थे। पाकिस्तान की ओर से बाबर आजम ने 119 रन की अविश्वसनीय शतकीय पारी खेली थी। इसके बाद श्रीलंका टीम ने अपनी दूसरी पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी की और सभी विकेट खोकर 337 रन बनाए। मेजबान टीम की ओर से अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल ने दूसरी पारी में 94 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।
अब्दुल्लाह शफीक की बेहतरीन शतकीय पारी देखकर झूम उठे कप्तान बाबर आजम
342 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट खोकर 222 रन बना लिए हैं। उनको अभी भी 120 रन और बनाने हैं। पाकिस्तान टीम की ओर से ओपनर अब्दुल्लाह शफीक ने 112* रन की महत्वपूर्ण शतकीय पारी खेलते हुए अभी भी नाबाद हैं। शफीक ने अपना शतक 237 गेंदों में पूरा किया।
बता दें, शफीक का यह 6वां टेस्ट मुकाबला है और यह उनका दूसरा शतक है। सिर्फ इतना ही नहीं मुश्किल समय पर शफीक ने कप्तान बाबर आजम के साथ तीसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी भी की। शफीक ने जैसे ही अपना शतक पूरा किया बाबर आजम खुशी से झूम उठे। उनकी खुशी देखने लायक थी। अब्दुल्लाह शफीक ने अपना टेस्ट डेब्यू बांग्लादेश के खिलाफ साल 2021 में किया था। उन्होंने अपना पहला शतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रावलपिंडी में जड़ा था।
देखें वीडियो:
The moment young Abdullah Shafiq will remember for a long time. What an incredible 100 under testing conditions.
Great support and celebration from the King Babar Azam #PAKvsSL pic.twitter.com/m0El4sqD7f— Wajid Rasul (@WajidQAU) July 19, 2022
मुकाबले के आखिरी दिन में पाकिस्तान को जीत के लिए 120 रनों की दरकार है और अभी तक अब्दुल्लाह शफीक 112* रन बनाकर और मोहम्मद रिजवान 7* रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं। अब देखना यह होगा कि मुकाबले के आखिरी दिन पाकिस्तान टीम इस लक्ष्य को बना पाती है या श्रीलंका टीम उससे पहले ही पाकिस्तान के 7 विकेट गिरा देती है।