SMAT 2024 में हुई सूर्यकुमार यादव की एंट्री, शेष टूर्नामेंट में मुंबई टीम की ओर से खेलते हुए आएंगे नजर
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 की अंक तालिका में मुंबई टीम ग्रुप E में चौथे स्थान पर हैं।
अद्यतन - Dec 1, 2024 6:31 pm

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 के बचे हुए मुकाबलों में मुंबई टीम की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। व्यक्तिगत कारण की वजह से सूर्यकुमार यादव ने शुरुआती लीग मुकाबलों को मिस कर दिया था। हालांकि, हैदराबाद में सर्विस के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच में स्टार खिलाड़ी अपनी टीम के साथ जुड़ेंगे।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने सूर्यकुमार यादव के बिना अपनी 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी। लेकिन अब धमाकेदार बल्लेबाज भी इस लाइनअप से जुड़ चुके हैं। रणजी ट्रॉफी के पहले लेग में सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ एक ही मैच खेला था। उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ पहली पारी में सात रन बनाए थे।
TOI के मुताबिक 3 दिसंबर को मुंबई के आगामी मैच में सूर्यकुमार यादव को भी भाग लेते हुए देखा जाएगा। सूर्यकुमार यादव श्रेयस अय्यर की कप्तानी में इस महत्वपूर्ण मुकाबले में खेलते हुए नजर आएंगे। बता दें कि, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की ट्रॉफी को अपने नाम किया था।
वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया ने चार मैचों की टी20 सीरीज खेली थी। इस 4 मैचों की टी20 सीरीज को टीम इंडिया ने 3-1 से अपने नाम किया था। सूर्यकुमार यादव इस सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे थे और तीन पारी में उन्होंने सिर्फ 26 रन बनाए थे।
SMAT 2024 में मुंबई टीम का बल्लेबाजी लाइनअप हुआ और भी मजबूत
भले ही सूर्यकुमार यादव दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में रन बनाने में नाकाम रहे हो, लेकिन उनका प्रदर्शन पिछले कुछ समय से काफी अच्छा रहा है। उनके आने से मुंबई टीम को और भी मजबूती मिल गई है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 की अंक तालिका में मुंबई टीम ग्रुप E में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने अभी तक इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में तीन मैच खेले हैं, जिसमें से दो में टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि एक में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। सर्विस के खिलाफ आगामी मैच को मुंबई के लिए जीतना बेहद जरूरी है।