दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज खेलने से किया इनकार - क्रिकट्रैकर हिंदी

दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज खेलने से किया इनकार

ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब केवल तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।

South Africa. (Photo Source: BCCI)
South Africa. (Photo Source: BCCI)

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (CSA) ने अपने आने वाले साल के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान तीन मैचों की वनडे सीरीज नहीं खेलने का फैसला किया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 13 जुलाई को घोषणा की है कि दक्षिण अफ्रीका ने जनवरी 2023 में खेली जाने वाली वनडे सीरीज खेलने से इनकार कर दिया है।

अब ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच केवल तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। सीएसए (CSA) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैचों की तारीखों को बदलने का अनुरोध किया था, लेकिन व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में कोई स्लॉट उपलब्ध नहीं हो सका, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें वनडे सीरीज खेलने से इनकार करना पड़ा।

ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज हुई रद्द

वनडे सीरीज खेलने से पीछे हटने का फैसला करने के बाद दक्षिण अफ्रीका इस सीरीज से मिलने वाले आईसीसी सुपर लीग के अंक ऑस्ट्रेलिया को देने के लिए भी सहमत हो गया है, जिसके लिए कट-ऑफ मई 2023 है। इस फैसले के बाद दक्षिण अफ्रीका के आगामी वर्ल्ड कप 2023 के लिए क्वालीफाई करने की संभावनाएं खतरे में हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के सीईओ निक हॉकले ने आधिकारिक बयान में कहा: “हमारे लिए यह बहुत निराशाजनक बात है कि दक्षिण अफ्रीका जनवरी में हमारे साथ वनडे सीरीज नहीं खेल पाएगा। हालांकि, हमें तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करने को लेकर खुशी है, जिसमें बॉक्सिंग डे टेस्ट और न्यू ईयर टेस्ट शामिल हैं।

पूरे ऑस्ट्रेलिया में गर्मियों के सीजन के दौरान आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2022 और पुरुषों और महिलाओं की अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए रिकॉर्ड छह टीमें हमारे देश का दौरा करेगी, और साथ ही इस दौरान BBL 12 और WBBL 08 का भी आयोजन किया जाना है। हम हमारे इस व्यस्त घरेलू कार्यक्रम को लेकर बेहद उत्साहित है।”

आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में श्रीलंका का दौरा पूरा किया है, जहां वे केवल टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज ही जीत पाए, क्योंकि मेजबान टीम ने वनडे सीरीज जीतने के बाद टेस्ट सीरीज भी 1-1 से बराबर कर ली।

close whatsapp