बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए हुआ साउथ अफ्रीकी टीम का एलान तो बढ़ गई IPL फ्रेंचाइजियों की मुश्किलें
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलने उतरेगी साउथ अफ्रीकी टीम।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Mar 8, 2022 5:24 pm

क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी 3 मैचों की घरेलू वनडे सीरीज को लेकर 8 मार्च को टीम का एलान कर दिया। जिसमें आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के सीजन में खेलने वाले 8 खिलाड़ी भी शामिल हैं। जिसके बाद इनकी IPL फ्रेंचाइजियों की चिंता भी बढ़ना लाजमी है।
वहीं साउथ अफ्रीका की टीम को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद टेस्ट सीरीज भी खेलनी है ऐसे में IPL फ्रेंचाइजियों की उस टीम को लेकर भी नजरें टिकी हुई हैं। CSA ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज को लेकर पूरी क्षमता के साथ मैदान में उतरने का फैसला लिया है, जिसमें टीम में मौजूद सभी प्रमुख खिलाड़ियों की उपस्थिति इसी तरफ इशारा करती है।
18 से 23 मार्च तक होने वाली इस वनडे सीरीज में एनरिक नॉर्खिया और सिसांदा मगाला को इंजरी के चलते इस वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं दी गई है। इस सीरीज का अंत IPL 2022 के सीजन के शुरू होने से 3 दिन पहले ही होगा ऐसे में कई अफ्रीकी खिलाड़ी शुरुआती मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पायेंगे।
इस वनडे सीरीज को लेकर साउथ अफ्रीकी टीम में शामिल 8 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनको आगामी IPL सीजन में भी हिस्सा लेना है। इसमें कगिस रबाडा, लुंगी एन्गीडी, रीस वैन डर डुसेन, डेविड मिलर, क्विंटन डी कॉक, एडिन माक्ररम, ड्वेन प्रिटोरियस और मार्को यान्सिन का नाम शामिल है। साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज के दौरान बायो-बबल के नियमों में भी थोड़ा ढील दी गई है। जिसके बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि यह सभी खिलाड़ी अपनी IPL टीमों के साथ कितनी जल्दी जुड़ पायेंगे।
टेस्ट सीरीज को लेकर बेहद दुविधा में साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी
भले ही वनडे सीरीज को लेकर IPL फ्रेंचाइजी अधिक चिंतित नहीं हैं। लेकिन उसके बाद होने वाली टेस्ट सीरीज को लेकर उनकी चिंता सबसे ज्यादा है। जिसमें यदि इस सीरीज को लेकर भी CSA यही फैसला करती है तो ऐसी स्थिति में कई साउथ अफ्रीकी टीम के कई मुख्य खिलाड़ी IPL में काफी देर से खेलते हुए दिख सकते हैं।
2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच 31 मार्च से 4 अप्रैल और दूसरा 8 अप्रैल से 12 अप्रैल तक खेला जाएगा। अब ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या साउथ अफ्रीकी टेस्ट टीम के प्रमुख खिलाड़ी क्या टेस्ट सीरीज को लेकर अपना नाम वापस लेंगे।
यहां पर देखिए बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज को लेकर साउथ अफ्रीकी टीम:
तेंबा बवूमा (कप्तान), केशव महाराज (उप-कप्तान), क्विंटन डी कॉक, जुबैर हमजा, मार्को यान्सिन, जानेमन मलान, एडिन माक्ररम, डेविड मिलर, लुंगी एन्गीडी, वेन पर्नेल, एंडिले फेलुकवायो, ड्वेन प्रिटोरियस, कगिसो रबाडा, तबरेस शम्सी, रीस वैन डर डुसेन, काइल वेरन्नी।