स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी तकनीक में कोई गलती नहीं है, बस विरोधी टीम ने उनके ऊपर दबाव डालने की योजना बना ली है: रिकी पोंटिंग
मैंने उनको काफी पास से खेलते हुए देखा है और मुझे नहीं लगता कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी तकनीक में कुछ बदलाव करना चाहिए: रिकी पोंटिंग
अद्यतन - Jul 29, 2022 5:54 pm

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी फॉर्म को लेकर चिंता जताई है लेकिन उन्होंने स्मिथ का समर्थन करते हुए यह भी कहा है कि अगले साल होने वाली भारत के खिलाफ पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज से पहले उन्हें फॉर्म में वापस आना होगा क्योंकि वो टीम के मुख्य बल्लेबाज हैं।
रिकी पोंटिंग का मानना है कि स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी तकनीक में कोई परेशानी नहीं है बल्कि विरोधी टीम ने उनको आउट करने का तरीका निकाल लिया है। वो अपनी योजनाओं के तहत स्मिथ को गेंदबाजी कर रहे हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को इस बात की चिंता सता रही है कि स्मिथ पिछले 2 सालों से लगातार बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने कुछ मुकाबलों में बेहतरीन बल्लेबाजी की है लेकिन वो अपनी पुरानी लय में नहीं दिखें हैं।
मैंने स्टीव स्मिथ को काफी पास से देखा है: रिकी पोंटिंग
‘द ICC रिव्यू’ में पोंटिंग ने कहा कि, ‘स्टीव स्मिथ अपनी पुरानी लय में नहीं दिखे हैं। उनका फॉर्म काफी खराब रहा है। 4 से 5 सालों तक उनका फॉर्म काफी अच्छा रहा। उन्होंने लगातार रन बनाए। एक साल में उन्होंने 4,5 य 6 शतक जड़े लेकिन अब पिछले दो सालों से वो लगातार बड़ा स्कोर नहीं बना पा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मैंने उनको काफी पास से खेलते हुए देखा है और मुझे नहीं लगता कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी तकनीक में कुछ बदलाव करना चाहिए। विरोधी टीम ने शायद यह पता लगा लिया है कि कैसे उनको रन नहीं बनाने देना है। उनको आक्रामक गेंदबाजी करनी है और उनका विकेट लेना है।
बता दें, अभी तक स्टीव स्मिथ टेस्ट में 28 शतक जड़ चुके हैं। उनका आखिरी शतक श्रीलंका के खिलाफ इसी महीने में आया था। भारत के खिलाफ साल 2021 में खेले जा चुके टेस्ट मुकाबले के बाद यह उनका पहला टेस्ट शतक है। स्टीव स्मिथ ने कई मुकाबलों में ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत दिलाई है। उन्होंने अभी तक 87 टेस्ट मुकाबलों में 8161 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ अगले साल होने वाली टेस्ट सीरीज में स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित होंगे।