पैट कमिंस की कप्तानी में IPL फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद ने शर्मनाक रिकॉर्ड किया अपने नाम
आईपीएल 2024 फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी।
अद्यतन - मई 26, 2024 10:54 अपराह्न

आईपीएल 2024 फाइनल मुकाबला एमए. चिदंबरम स्टेडियम चेपॉक में 26 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। मुकाबले में हैदराबाद टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवरों में 113 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। इसके जवाब में कोलकाता ने 57 गेंदें शेष रहते हुए लक्ष्य का पीछा कर 8 विकेट से जीत दर्ज की। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में कोलकाता ने अपने तीसरे आईपीएल खिताब पर कब्जा किया है।
सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2020 सीजन के बाद इस साल प्लेऑफ में पहुंची थी। लेकिन पैट कमिंस की कप्तानी में टीम फाइनल नहीं जीत पाई। IPL 2024 फाइनल में हैदराबाद की टीम ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
हैदराबाद ने तोड़ा सीएसके का रिकॉर्ड
आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद ने 287 रन बोर्ड पर लगाए थे। जो आईपीएल इतिहास का सबसे हाईएस्ट टोटल है। विस्फोटक बैटिंग लाइनअप वाली टीम फाइनल में कोलकाता के खिलाफ बुरी तरह पिट गई। टीम 113 रनों पर ऑलआउट हो गई, जो लीग के फाइनल का सबसे छोटा टोटल है।
टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा (2), और ट्रैविस हेड गोल्डन डक पर आउट हो गए थे। इसके बाद राहुल त्रिपाठी (9), एडेन मार्करम (20), नीतिश कुमार रेड्डी (13) और शाहबाज अहमद (8) भी कुछ कमाल नही दिखा पाए। हेनरिक क्लासेन ने 16 रन बनाए, वहीं पैट कमिंस ने सर्वाधिक 24 रन की पारी फाइनल में टीम के लिए खेली।
आपको बता दें पूरे 11 साल बाद आईपीएल फाइनल के सबसे छोटे टोटल का रिकॉर्ड टूटा है। सनराइजर्स हैदराबाद से पहले आईपीएल फाइनल के सबसे छोटे टोटल का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम था, जिसने 2013 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ ईडन गार्डन्स में 9 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए थे।
आईपीएल फाइनल में सबसे छोटे टोटल
113 – SRH vs KKR, चेपॉक, 2024
125/9 – CSK vs MI, कोलकाता, 2013
128/6 – RPS vs MI, हैदराबाद 2017
129/8 – MI vs RPS, हैदराबाद 2017
130/9 – RR vs GT, अहमदाबाद 2022