एशिया कप 2022: सुपर-4 में बाकी सभी टीमों को पाकिस्तान से बचकर रहना होगा: विजय दहिया
पाकिस्तान जब अपने पूरे विश्वास के साथ खेलती है तब वो एक अलग ही टीम बन जाती है: विजय दहिया
अद्यतन - Sep 3, 2022 3:15 pm

2 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2022 के 6वें मुकाबले में पाकिस्तान ने हांगकांग को 155 रन से मात दी। यह मुकाबला शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। अपने पहले मुकाबले में भारत के खिलाफ मिली हार के बाद पाकिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ ही पाकिस्तान सुपर-4 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। भारत के पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञ विजय दहिया ने सुपर-4 की बाकी तीन टीमों को चेतावनी दी है कि अब उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ संभलकर खेलना होगा। बता दें, पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका, अफगानिस्तान और इंडिया सुपर 4 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है।
हांगकांग के खिलाफ पाकिस्तानी गेंदबाजों ने काफी अच्छी गेंदबाजी की: विजय दहिया
क्रिकट्रैकर के ‘रन की रननीति’ शो में विजय दहिया ने कहा कि, ‘सभी बल्लेबाज यहां तक की फखर ज़मान और मोहम्मद रिजवान, भले ही हांगकांग के खिलाफ खेल रहे थे, लेकिन इसके साथ ही वो आने वाले मुकाबलों की तैयारी भी कर रहे थे। मुझे लगता है कि उनका प्लान यही होगा कि टॉप ऑर्डर बल्लेबाज ज्यादा से ज्यादा समय क्रीज पर बिताए और विकेट को हाथ में रखे, जिससे आखिर में ज्यादा से ज्यादा स्कोर बनाया जा सके। आखिरी में खुशदिल शाह ने भी अच्छी बल्लेबाजी की।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘टीम के गेंदबाजों ने काफी अच्छी गेंदबाजी की और किसी भी गेंदबाज ने 9 रन से ज्यादा नहीं दिए जो मुझे लगता है कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। पाकिस्तान जब अपने पूरे विश्वास के साथ खेलती है तब वो एक अलग ही टीम बन जाती है। बाकी टीमों के लिए यह चेतावनी की घंटी है, उन्हें पाकिस्तान से बचकर रहना होगा।
बता दें, पाकिस्तान टीम सुपर-4 का अपना पहला मुकाबला भारत के खिलाफ 4 सितंबर को खेलेगी। पाकिस्तान टीम के लिए फिलहाल चिंता का विषय उनके कप्तान बाबर आजम का फॉर्म है लेकिन वो खुद इस मुकाबले में बड़ा स्कोर बनाने को देखेंगे। हांगकांग के खिलाफ मोहम्मद रिजवान ने 57 गेंदों में 78* रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली जिसकी वजह से उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवार्ड से नवाजा गया।