खुद टीम से बाहर हैं और नए खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए सुझाव दे रहे हैं सुरेश रैना
इस सीरीज में कुल 5 टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे।
अद्यतन - जून 6, 2022 5:17 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज भारत के खिलाड़ियों के लिए काफी जरूरी होने वाली है। खासतौर पर उन खिलाड़ियों के लिए जिन्होंने हाल ही में IPL 2022 में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और इस सीरीज में शामिल हुए। इन सभी खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रदर्शन करके दिखाना होगा ताकि आगे आने वाले मुकाबलों में इन सभी खिलाड़ियों का चयन एक बार फिर से हो सके।
बता दें, पिछले महीने ही इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हुआ था। जहां एक तरफ अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक को पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला है, वहीं दूसरी ओर दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या की टीम में वापसी हुई है।
स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए सुरेश रैना ने कहा कि, इस सीरीज में कई भारतीय खिलाड़ियों का टेस्ट होगा कि वो कैसा प्रदर्शन करते हैं। जिस भी खिलाड़ी को भारतीय टीम में शामिल किया गया है, उन सभी ने IPL 2022 में अच्छा प्रदर्शन किया था और उनके प्रदर्शन को देखते हुए उनको चयनित किया गया है। अब देखना ये होगा कि ये सभी खिलाड़ी IPL के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैसा प्रदर्शन करते हैं। सभी खिलाड़ियों के दिमाग में ये होना चाहिए कि हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने जा रहे हैं और हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाना होगा।
इस सीरीज में कई ऐसे पहलू होंगे जिसपर ध्यान देना जरूरी होगा: सुरेश रैना
इस सीरीज में सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी यह सभी खिलाड़ी इस सीरीज में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। टीम का नेतृत्व केएल राहुल कर रहे हैं। इस सीरीज में कुल 5 टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे जिसका पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 9 जून को खेला जाएगा। रैना का मानना है कि अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक के प्रदर्शन के अलावा केएल राहुल की कप्तानी भी देखने लायक होगी।
सुरेश रैना ने कहा कि, सभी मुकाबले जून में खेले जाने हैं और भारत का तापमान इस महीने में काफी गर्म होता है। अब देखना यह होगा कि राहुल इस परिस्थिति में कैसा प्रदर्शन करते हैं साथ ही अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक के भी प्रदर्शन पर सभी की निगाहें रहेंगी।
बात दें, हाल ही में संपन्न हुए IPL 2022 में राहुल ने लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) का नेतृत्व किया था। उनकी कप्तानी में LSG अपने पहले ही सीजन में प्लेऑफ में पहुंची थी। उन्होंने काफी शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, LSG फाइनल तक नहीं पहुंच पाई लेकिन उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में काफी सराहनीय था।