IND v NED: सिडनी में कैसा रहेगा मौसम, क्या बारिश करेगी मैच का मजा खराब? - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND v NED: सिडनी में कैसा रहेगा मौसम, क्या बारिश करेगी मैच का मजा खराब?

पाकिस्तान को हराकर टीम इंडिया ने अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत जीत के साथ की थी।

Sydney Cricket Ground
Sydney Cricket Ground. (Photo Source: Getty Images)

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारत बनाम नीदरलैंड का मुकाबला गुरुवार (27 अक्टूबर) को खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजरें इस मैच को जीतकर दो अंक अर्जित करने के साथ-साथ अपने नेट रन रेट को सुधारने की होगी। इससे पहले भारत ने अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के साथ खेला था। उस रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।

आपको बता दें कि, भारत ने अपना पहला मैच मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। इस मैच के दौरान बारिश की आशंका जताई जा रही थी लेकिन फैंस को पूरे 40 ओवर का मैच देखने को मिला। अब भारत बनाम नीदरलैंड मैच के दौरान सिडनी में भी बारिश का पूर्वानुमान है। लेकिन अच्छी बात ये है कि यहां बारिश की संभावना मेलबर्न की तुलना में थोड़ी कम है।

कैसा रहेगा भारत-नीदरलैंड्स मैच के दौरान सिडनी का मौसम?

भारत और नीदरलैंड के बीच खेले जाने वाले मैच के दौरान, सिडनी में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक यहां गुरुवार को पूरे दिन पूरा आसमान बादलों से भरा रहेगा। सुबह बूंदा बांदी हो सकती है जबकि दोपहर में तेज बारिश होने की उम्मीद है। वहीं रात के समय में बेहद हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

Weather.Com के मुताबिक दिन के समय जहां बारिश की संभावना 70 फीसदी है तो वहीं रात में मैच के समय 30 प्रतिशत वर्षा की उम्मीद जताई जा रही है। दिन में सिडनी का तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा वहीं रात में यह घटकर 14 डिग्री तक चला जाएगा। अगर सभी पूर्वानुमान सही साबित होते हैं तो इस मैच में बारिश खलल डाल सकती है।

गौरतलब है कि, मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक कई मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हो चुके हैं। यदि बारिश के चलते कोई भी मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक बांटा जाता है।

close whatsapp