टी-20 वर्ल्ड कप में जसप्रीत बुमराह की जगह मोहम्मद शमी को टीम में किया जाना चाहिए शामिल: सबा करीम
भले ही मोहम्मद शमी ने पिछले कुछ समय से ज्यादा मुकाबले ना खेले हो लेकिन उनके पास नई गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता है- सबा करीम
अद्यतन - अक्टूबर 1, 2022 3:56 अपराह्न

भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता सबा करीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से जसप्रीत बुमराह के बाहर होने को लेकर अपनी बात सामने रखी है। करीम का मानना है कि इस बड़े टूर्नामेंट में बुमराह का न होना टीम के लिए एक बड़ा झटका है। उनका मानना है कि उनकी जगह मोहम्मद शमी को टीम में शामिल किया जाना चाहिए।
बता दें, हाल ही में यह रिपोर्ट सामने आई है बुमराह की पीठ में स्ट्रेस फैक्चर हो गया है और इसी वजह से वो ना तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बचे हुए 2 टी-20 मुकाबला खेलेंगे और ना ही वो वर्ल्ड कप टी-20 में खेलते हुए नजर आएंगे। हालांकि BCCI की ओर से अभी तक इस बात को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है कि बुमराह टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए हैं या नहीं।
करीम ने इस बात पर हामी भरी है कि भले ही मोहम्मद शमी ने पिछले कुछ समय से ज्यादा मुकाबले ना खेले हो लेकिन उनके पास नई गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता है। शमी के IPL 2022 के प्रदर्शन को लेकर करीम ने स्पोर्ट्स18 के स्पोर्ट्स ओवर द टॉप शो में कहा कि, ‘मैं मोहम्मद शमी के साथ जाना चाहूंगा क्योंकि भले ही उन्होंने हाल ही में ज्यादा मुकाबले ना खेले हो लेकिन वो अपने बेहतरीन फॉर्म को ढूंढ लेंगे। वो ऐसे गेंदबाज हैं जिनको जब भी मौका मिला है उन्होंने भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।’
करीम ने आगे कहा कि, ‘साथ ही मोहम्मद शमी के पास जितना अनुभव है आप यही उम्मीद करते हैं ऐसा गेंदबाज आपके लिए विकेट चटकाए। आपने मोहम्मद शमी को IPL 2022 में भी देखा है, वो पावरप्ले में विकेट चटकाते हैं और भारतीय टीम को ऐसा ही गेंदबाज चाहिए।
अब बाकी गेंदबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा: सबा करीम
सबा करीम ने भारतीय डेथ गेंदबाजी को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनके मुताबिक बुमराह के ना होने से अब टीम के गेंदबाजों को अंतिम ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी करनी होगी। भारत के पूर्व चयनकर्ता ने आगे कहा कि, ‘हमारे पास भुवनेश्वर कुमार है और हमने पिछले मैच में अर्शदीप सिंह के भी प्रदर्शन को देखा। हमारे पास मोहम्मद शमी भी है। लेकिन अंतिम ओवरों में और दबाव में अच्छी गेंदबाजी करने के लिए आपको एक ऐसा गेंदबाज चाहिए जो अपनी वेरिएशन से बल्लेबाजों को परेशान कर सके।
जसप्रीत बुमराह के पास वो वेरिएशन है और अब जब वो नहीं होंगे तो बाकी गेंदबाजों को भी भारतीय टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना होगा। माना यह इतना आसान नहीं होगा लेकिन अब उनके पास कोई और विकल्प नहीं है।’