टी-20 वर्ल्ड कप 2022: इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका, मैथ्यू वेड की कोविड रिपोर्ट आई पॉजिटिव - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा तगड़ा झटका, मैथ्यू वेड की कोविड रिपोर्ट आई पॉजिटिव

इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले शाम को ग्लेन मैक्सवेल को टीम के अभ्यास सत्र के दौरान विकेटकीपिंग की ट्रेनिंग करते हुए देखा गया।

Matthew Wade (Image Source: Getty Images)
Matthew Wade (Image Source: Getty Images)

28 अक्टूबर को ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 टूर्नामेंट में मेजबान ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड आपस में भिड़ेंगी। यह मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेला जाएगा। तमाम प्रशंसक इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं हालांकि इससे पहले ही ऑस्ट्रेलिया टीम को तगड़ा झटका लगा है।

ऑस्ट्रेलिया टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज मैथ्यू वेड कोविड संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले में वो खेलते हुए नजर आ सकते हैं। बता दें, हाल ही में टीम के स्पिनर एडम जम्पा भी कोविड संक्रमित पाए गए थे और इसी वजह वो श्रीलंका के खिलाफ खेले जा चुके मुकाबले में टीम में शामिल नहीं हुए थे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की आधिकारिक वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, वेड में कोविड के हल्के लक्षण पाए गए हैं और वो इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया टीम भी यही उम्मीद कर रही होगी कि वो इस मैच से पहले पूरी तरह से ठीक हो जाए। वेड ऑस्ट्रेलिया के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक हैं।

मैथ्यू वेड के अलावा ऑस्ट्रेलिया टीम के पास कोई दूसरा मुख्य विकेटकीपर नहीं है

ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए इस समय सबसे बड़ी परेशानी मैथ्यू वेड की तबीयत है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि टीम में उनका विकल्प मौजूद नहीं है। बता दें, हाथ में लगी चोट की वजह से जोश इंग्लिस जो मैथ्यू वेड के साथ इस 15 सदस्यीय दल में शामिल किए गए थे वो पिछले हफ्ते टूर्नामेंट से बाहर हो गए और उनकी जगह बल्लेबाज ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को टीम में जगह दी गई है।

बता दें, इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले शाम को ग्लेन मैक्सवेल को टीम के अभ्यास सत्र के दौरान विकेटकीपिंग की ट्रेनिंग करते हुए देखा गया। वो सहायक कोच आंद्रे बोरोवेक के साथ अभ्यास करते हुए नजर आए। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर वेड इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहते हैं तो उनकी जगह ग्लेन मैक्सवेल विकेटकीपिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। मैक्सवेल के लिए भी यह कड़ा इम्तिहान होने वाला है।

close whatsapp