टी-20 वर्ल्ड कप 2022: अर्शदीप सिंह के थ्रो को देख स्तब्ध रह गए दिनेश कार्तिक, विराट कोहली भी अपनी हंसी को रोक नहीं पाए - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: अर्शदीप सिंह के थ्रो को देख स्तब्ध रह गए दिनेश कार्तिक, विराट कोहली भी अपनी हंसी को रोक नहीं पाए

भारतीय विकेटकीपर ने इस मैच में 14 गेंदों में 20 रन की बहुमूल्य पारी खेली।

arshdeep singh (pic- instagram)
arshdeep singh (pic- instagram)

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पहले अभ्यास मुकाबले को 6 रन से जीतकर ICC टी-20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट 2022 की तैयारियों को लेकर सकारात्मक संदेश देने का काम किया है। यह मुकाबला काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा। पहली पारी के बाद लगा कि भारत इस मुकाबले को आराम से जीत जाएगी लेकिन एरोन फिंच ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेल ऑस्ट्रेलिया को इस मैच में जबरदस्त वापसी दिलाई। हालांकि मोहम्मद शमी ने अविश्वसनीय आखिरी ओवर फेंककर भारतीय टीम को इस मैच में जीत दर्ज करवाई।

इसी के साथ दिनेश कार्तिक का एक मजेदार रिएक्शन इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें, भारतीय विकेटकीपर ने इस मैच में 14 गेंदों में 20 रन की पारी खेली। जब वो विकेटकीपिंग करने मैदान पर उतरे तब एक गेंद पर अर्शदीप सिंह ने उनकी ओर एक ऐसा थ्रो फेंका जिसको देख सिर्फ प्रशंसक ही नहीं बल्कि विराट कोहली भी अपनी हंसी को रोक नहीं पाए।

अर्शदीप डीप फाइन लेग पर फील्डिंग कर रहे थे जब बल्लेबाज ने उनकी ओर गेंद मारी और 1 रन लेने के लिए भागे। अर्शदीप ने ऐसा थ्रो फेंका जो दिनेश कार्तिक के पास पहुंचा ही नहीं, बल्कि एक दूसरे फील्डर को इस गेंद को लेने के लिए जाना पड़ा। कोहली जो कार्तिक के बगल में ही खड़े हुए थे वो इसको देखकर अपनी हंसी रोक नहीं पाए और हंसते हुए वहां से चले गए।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Mufaddal Vohra (@mufatweets)

6 रन से भारत ने जीत मुकाबला

मुकाबले की बात की जाए तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 186 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 180 रन पर ऑलआउट हो गई। मोहम्मद शमी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अपने 1 ओवर में 4 रन देकर 3 विकेट झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने इस मैच को 6 रन से अपने नाम किया।

जहां एक तरफ भारतीय टीम की ओर से केएल राहुल ने 33 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेली वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान एरोन फिंच ने 54 गेंदों में 7 चौके और तीन छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। राहुल के अलावा सूर्यकुमार यादव ने भी 33 गेंदों में 50 रन की बहुमूल्य पारी खेली।

close whatsapp