टी-20 वर्ल्ड कप 2022: एमसीजी में भारत की जीत को लेकर किए सवाल पर भड़के बाबर आजम; देखिए वीडियो
बाबर आजम ने कहा उन्हें अपनी टीम और मध्य क्रम के बल्लेबाजों की काबिलियत पर पूरा विश्वास है।
अद्यतन - अक्टूबर 23, 2022 11:13 पूर्वाह्न

आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले से पहले बाबर आजम उनकी टीम के कमजोर मध्य क्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर चिढ़ गए। दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट टीम की बल्लेबाजी लाइन-अप का सारा दारोमदार बाबर और मोहम्मद रिजवान पर टिका हुआ, अगर ये दोनों सलामी बल्लेबाज फेल हो जाते हैं, तो वे मुश्किल स्थिति में फंस सकते है,जो हमें पिछले कई मैचों में देखने को मिला।
आपको बता दें, पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार भारत को पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मैच में दस विकेट से मात दी थी, और इस जीत के हीरो बाबर, रिजवान और शाहीन अफरीदी थे। लेकिन इस बार चीजें अलग होगी, क्योंकि मैच मेलबोर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाना है, और पाकिस्तान का मध्यक्रम पहले ही सवालो के घेरे में है, जिसे लेकर जब एक रिपोर्टर ने पाकिस्तान के कप्तान से सवाल किया तो उन्होंने चिढ़ते हुए बेहद स्पष्ट जवाब दिया है।
एमसीजी में भारत की जीत को लेकर किए सवाल पर नाराज हुए बाबर आजम
23 अक्टूबर को एमसीजी में खेले जाने वाले ब्लॉकबस्टर मुकाबले से पहले एक रिपोर्टर ने बाबर आजम से पूछा: “आप और रिजवान, पाकिस्तान के पास ये दोनो ही दमदार बल्लेबाज हैं। बाकी इतने कामयाब नहीं है। अगर भारत आप दोनों को जल्दी आउट कर दें, तो वे आसानी से मैच जीत जाएंगे। यह सवाल मीडिया या भारत की ओर से नहीं आ रहा है, बल्कि यह हमारे पूर्व क्रिकेटरों का कहना है।”
जिसके बाद पाकिस्तान के कप्तान ने अपना मुंहफट और स्पष्टवादी अवतार दिखाने से पहले उसकी चुटकी ली। बाबर ने अपने जवाब में कहा: “देखिए सर, ये तो मैच के दिन ही पता चलेगा। मैच के दिन क्या होने वाला है, या क्या हो सकता है, आप कभी नहीं जान पाएंगे, ये टी-20 क्रिकेट है, जो बेहद अप्रत्याशित प्रारूप है, और मैच के दिन कोई भी खिलाड़ी आपको सरप्राइज कर सकता है।
कोई भी खिलाड़ी आपको मैच जीता सकता है, और हमारे खिलाड़ियों पे मुझे पूरा विश्वास है। मध्यक्रम में हमारे कई खिलाड़ियों ने मैच जीते हुए हैं। मैं बतौर कप्तान अपने खिलाड़ियों पर पूरा विश्वास करता हूं। मैदान पर कुछ भी हो सकता है, और हमें हर चीज के लिए तैयार रहना चाहिए, नहीं।”
यहां देखिए वीडियो –