टी-20 वर्ल्ड कप 2022: शाहीन अफरीदी की वापसी से हमारी गेंदबाजी और भी मजबूत हो गई है: बाबर आजम - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: शाहीन अफरीदी की वापसी से हमारी गेंदबाजी और भी मजबूत हो गई है: बाबर आजम

शाहीन पूरी तरह से फिट है और वो अपना शत प्रतिशत देने के लिए भी पूरी तरह से तैयार है: बाबर आजम

Shaheen Afridi and Babar Azam. (Photo Source: Getty Images)
Shaheen Afridi and Babar Azam. (Photo Source: Getty Images)

पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम का मानना है कि उनकी टीम ने हमेशा बेहतरीन तेज गेंदबाजों को तैयार किया है और अब यही चीज वो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी करने को देखेंगे। आजम का मानना है कि शाहीन अफरीदी की वापसी से टीम की गेंदबाजी अब और भी मजबूत हो गई है।

बता दें, जुलाई महीने में श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान पाकिस्तान के तेज गेंदबाज के घुटने में चोट लग गई थी जिसकी वजह से ना तो वो एशिया कप में खेल पाए थे और ना ही इंग्लैंड के खिलाफ सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज में। हालांकि वो अब पूरी तरह से उबर गए हैं और अब टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में धमाकेदार वापसी करने को देखेंगे।

ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले सभी 16 टीमों के कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर आजम ने टीम की तेज गेंदबाजी को लेकर कहा कि, ‘ पाकिस्तान के पास हमेशा से ही बेहतरीन तेज गेंदबाज रहे हैं। हमारे पास कई बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं और शाहीन की वापसी से टीम और भी मजबूत हो गई है। हमारी बेंच स्ट्रेंथ भी काफी मजबूत है। हम लोगों ने पिछले कुछ मुकाबलों में कई गेंदबाजों को मौका दिया है और उन सभी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।’

पाकिस्तानी कप्तान ने आगे कहा कि, ‘हारिस रऊफ की गेंदबाजी में काफी सुधार आया है। उनकी गेंदबाजी नई गेंद से और अंतिम ओवरों में काफी बेहतर हो गई है।’ बता दें, हारिस रऊफ ने त्रिकोणीय सीरीज में 3 मैच खेले थे जिसमें उन्होंने 14.67 के औसत से 6 विकेट झटके थे।

बाबर आजम ने की पुष्टि शाहीन अफरीदी पूरी तरह से हैं फिट

शाहीन अफरीदी को लेकर बाबर आजम ने कहा कि, ‘निश्चित रूप से ही शाहीन अफरीदी और फखर जमान वापसी कर रहे हैं। अभी भी हमारे पहले मैच के लिए 6 दिन बचे हैं। हमें दो वॉर्म अप मुकाबले भी खेलने हैं। शाहीन पूरी तरह से फिट है और वो अपना शत प्रतिशत देने के लिए भी पूरी तरह से तैयार है। हम उनको खेलते हुए देखना चाह रहे हैं।’

आजम ने आगे कहा कि, ‘न्यूजीलैंड में हमारी काफी अच्छी सीरीज रही। मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने आखिरी दो मुकाबलों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। ऐसे प्रदर्शन से विश्वास बढ़ता है और अब जब वर्ल्ड कप को शुरू होने में बस कुछ ही समय बचा है तब हम इन सब चीजों से काफी खुश हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि मिडिल आर्डर इस मुख्य टूर्नामेंट में भी काफी अच्छा प्रदर्शन करेंगे और हम उनका साथ दे रहे हैं।’

close whatsapp