T20 WC 2026: सुपर 8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया, मार्करम ने खेली कप्तानी पारी
साउथ अफ्रीका ने बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर जीता मैच
अद्यतन - फरवरी 26, 2026 6:51 अपराह्न

जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 47वां मैच वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। बता दें इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर 9 विकेट से एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की, और सेमीफाइनल में लगभग जगह बना ली है।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम ने 177 रनों का लक्ष्य, प्रोटियाज के सामने जीत के लिए रखा था, जिसे साउथ अफ्रीका ने एडेन मार्करम (82 रन, 46 गेंद) की कप्तानी पारी के चलते आसानी से हासिल कर लिया।
वेस्टइंडीज बनाम साउथ अफ्रीका, टी20 वर्ल्ड कप के 47वें मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो साउथ अफ्रीका ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने खराब शुरुआत के बाद भी 8 विकेट के नुकसान पर कुल 176 रन बनाए।
83 विकेट पर 7 विकेट गंवाने वाली कैरेबियाई टीम के लिए अंत में रोमारियो शेफर्ड (52*) और जेसन होल्डर (49) ने 8वें विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी कर, टीम को मैच में एक प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए, लुंगी एनगिडी को सबसे ज्यादा तीन विकेट मिले। इसके अलावा कागिसो रबाडा व काॅर्बिन बाॅश के हाथ 2-2 विकेट लगे।
इसके बाद, जब साउथ अफ्रीका वेस्टइंडीज से मिले 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो उसने इस टारगेट को 16.1 ओवर में 1 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। पहले विकेट के लिए एडेन मार्करम (82*) और क्विंटन डिकाॅक (47) के बीच 95 रनों की मजबूत साझेदारी हुई, जिसके मैच एकतरफा हो गया।
साथ ही रयान रिकेल्टन 45* रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज के लिए गेंदबाजी में रोस्टन चेज को सिर्फ 1 विकेट मिला। इस हार के बाद, अब भारत की राह सेमीफाइनल के लिए आसान हो गई है। अब टीम इंडिया को अपने आगामी दोनों मैचों में बस जीत हासिल करनी होगी।