द्रविड़ से लेकर कोहली तक, टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने कुछ इस अंदाज में दी चेतेश्वर पुजारा को 100वें टेस्ट मैच के लिए बधाई - क्रिकट्रैकर हिंदी

द्रविड़ से लेकर कोहली तक, टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने कुछ इस अंदाज में दी चेतेश्वर पुजारा को 100वें टेस्ट मैच के लिए बधाई

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच दिल्ली में खेला जा रहा है।

Rohit Sharma, Rahul Dravid & Virat Kohli (Photo Source: Twitter)
Rohit Sharma, Rahul Dravid & Virat Kohli (Photo Source: Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच आज से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह टेस्ट मैच टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के लिए काफी स्पेशल है। दरअसल पुजारा आज अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं और हर एक खिलाड़ी जो टेस्ट क्रिकेट खेलता है उसके लिए ये किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।

पुजारा के 100वें टेस्ट मैच के मौके पर उन्हें दुनिया के कोने-कोने से शुभकामनाएं मिल रही है। इसी कड़ी में बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, हेड कोच राहुल द्रविड़ और पूर्व कप्तान विराट कोहली भी पुजारा को इस खास उपलब्धि पर शुभकामनाएं दे रहे हैं।

कोहली से लेकर द्रविड़ तक सभी ने दी पुजारा को बधाई

वीडियो में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि, “सबसे पहले मैं पुजारा को देश के लिए 100वें टेस्ट मैच में खेलने के लिए बधाई देना चाहता हूं। यह एक बड़ी उपलब्धि है, आपने अपने देश के लिए जो किया है, उसे हासिल करना कई खिलाड़ियों के लिए महज एक सपना ही रह जाता है।”

वहीं हेड कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि, “पूजी, मैंने आपको पहली बार रणजी ट्रॉफी मैच में देखा था जहां मैं आपके खिलाफ खेला था, जहां आपने रन बनाए थे और आपने कर्नाटक को हराया था। मुझे लगता है कि यह एक चर्चा विषय बन गया है। लेकिन पिछले 10 वर्षों में आप जिस तरह से आगे बढ़े हैं उसे देखकर मुझे बहुत ख़ुशी हुई है।”

वहीं पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने बधाई देते हुए कहा, “यह एक बहुत ही स्पेशल इंसान के लिए एक बहुत ही स्पेशल दिन है। पूजी, आपके 100वें टेस्ट के लिए बधाई। यह न केवल आपके लिए बल्कि आपके परिवार के लिए भी एक बड़ा अवसर है, उन लोगों के लिए जिन्होंने आपकी पूरी जर्नी में आपका समर्थन किया है और यह भारत के लिए इतने लंबे समय तक खेलना एक बड़ी उपलब्धि है।”

यहां देखिए बीसीसीआई द्वारा शेयर किया गया वो वीडियो

close whatsapp