'हां पैसा बहुत है लेकिन मुझे तो 100 टेस्ट मैच...'- मिचेल स्टार्क को IPL में खेलना बिल्कुल भी पसंद नहीं है - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘हां पैसा बहुत है लेकिन मुझे तो 100 टेस्ट मैच…’- मिचेल स्टार्क को IPL में खेलना बिल्कुल भी पसंद नहीं है

मिचेल स्टार्क ने आईपीएल के दो सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेले हैं।

Mitchell Starc (Photo Source: Twitter)
Mitchell Starc (Photo Source: Twitter)

क्रिकेट की दुनिया की बहुचर्चित लीग आईपीएल के 16वें सीजन का समापन हाल ही में हुआ है। चेन्नई सुपर किंग्स ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पांचवी बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा किया। आईपीएल के बाद आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 जून से इंग्लैंड के ओवल में खेला जाएगा। जिसके लिए दोनों ही टीमें तैयारियों में जुटी हुई है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए मिचेल स्टार्क WTC फाइनल में बड़ी भूमिका निभाने वाले हैं। इसी बीच मिचेल स्टार्क ने खुलासा किया कि, वह क्यों पिछले कुछ सालों से आईपीएल नहीं खेल रहे हैं? स्टार्क का कहना है कि आईपीएल में पैसा बहुत है लेकिन वह अपने देश के लिए 100 टेस्ट मैच खेलना चाहते हैं।

मुझे 100 टेस्ट मैच खेलना अच्छा लगेगा- मिचेल स्टार्क

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईपीएल लीग के मात्र दो सीजन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए नजर आए हैं। स्टार्क ने आईपीएल का आखिरी मुकाबला साल 2015 में खेला था। आईपीएल में खेले गए 27 मुकाबलों में स्टार्क ने 34 विकेट अपने नाम किया है। काफी सारे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल का हिस्सा बनते हुए नजर आते हैं, लेकिन मिचेल स्टार्क अपना समर्पण अपने टीम के लिए दिखाना चाहते हैं।

स्टार्क ने हाल ही में खुलासा किया कि, वह ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट फॉर्मेट में 100 मैच खेलना चाहते हैं। स्टार्क ने Cricket.com.au. पर बात करते हुए कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया के लिए लंबे समय तक खेलने के लिए कुछ चीजें नहीं करने का चयन करने के लिए मैंने इसके बारे में स्मार्ट होने की कोशिश की है। हां पैसा अच्छा है, लेकिन मुझे 100 टेस्ट मैच खेलना अच्छा लगेगा। मैं वो कर पाऊंगा या नहीं, मुझे नहीं पता, लेकिन यह अच्छा होगा।’

मिचेल स्टार्क ने आगे बात करते हुए इस बात का खुलासा किया कि आलोचना से निपटने के लिए उनके पास अब बेहतर दृष्टिकोण है। स्टार्क ने आगे कहा,  ’10 से अधिक वर्षों के लिए तीनों फॉर्मेट खेलना यह बहुत दर्द भरा रहा है। लेकिन मैं आभारी हूं कि मैं इतनी दूर आया हूं। मीडिया कुछ साल पहले मुझे परेशान कर रही थी लेकिन मैं निश्चित रूप से एक खुशहाल जगह पर बस गया हूं, जहां यह अब मुझे परेशान नहीं करता है।’

close whatsapp