केएल राहुल ने एशिया कप 2022 से पहले भारत की आक्रामक अप्रोच पर बात की - क्रिकट्रैकर हिंदी

केएल राहुल ने एशिया कप 2022 से पहले भारत की आक्रामक अप्रोच पर बात की

केएल राहुल आगामी एशिया कप 2022 में इसी अप्रोच के साथ बल्लेबाजी करने उत्साहित है।

KL Rahul. (Photo Source: Vimal Kumar/Youtube)
KL Rahul. (Photo Source: Vimal Kumar/Youtube)

भारत के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने आगामी एशिया कप 2022 से पहले T20I क्रिकेट में भारत की आक्रामक अप्रोच पर बात की और कहा कि वे इस समय इस अप्रोच को पूरी तरह अपनाने और गेंदबाजों पर दबाव बनाना सीख रहे हैं। उन्होंने आगे कहा टीम इंडिया को इसी अप्रोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

दाएं-हाथ के बल्लेबाज ने आगे खुलासा किया कि उन्होंने आईपीएल 2022 में आक्रामक अप्रोच के साथ खेलने की कोशिश की, जहां उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स का नेतृत्व करते हुए 15 पारियों में 616 रन बनाए। अब वह आगामी एशिया कप 2022 में इसी अप्रोच के साथ बल्लेबाजी करने उत्साहित है।

आक्रामक अप्रोच अब तक हमारे लिए सही साबित हुई है: केएल राहुल

केएल राहुल ने भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा: “हमने T20I क्रिकेट में हमारी अप्रोच को लेकर पहले भी बात की थी और यहां तक कि टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के ठीक बाद भी इसे लेकर बात की थी। हमने पिछले सीजन में हमें व्यक्तिगत रूप से कहां सुधार करने की जरूरत है, हम कैसे एक टीम के रूप में और अधिक आक्रामक हो सकते हैं, और बहुत अधिक स्वतंत्रता और आक्रामकता के साथ खेलते हुए गेंदबाजों को कैसे दबाव में डाल सकते हैं, इस बारे में बात की थी। जब ये सब बाते हुई मैं भी वहां मौजूद था।

लेकिन दुर्भाग्य से इस चर्चा के बाद से मैं बहुत अधिक T20I मैच नहीं खेल पाया हूं, लेकिन मैंने आईपीएल में उसी अप्रोच के साथ खेला है। मैं यह देखने की कोशिश कर रहा था कि क्या मैं उस अप्रोच के साथ लगातार रन बना सकता हूं और टीम में योगदान दे सकता हूं। मैंने पिछले दो-तीन महीनों से नहीं खेला है, इसलिए आगामी एशिया कप मेरे लिए एक बड़ी चुनौती है, जिसका मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”

केएल राहुल ने अंत में कहा: “यह आक्रामक अप्रोच अब तक हमारे लिए सही साबित हुई है। सभी खिलाड़ियों ने हमारे कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ की मांग को समझा और अपनाया भी है, जो बेहद शानदार और बहुत बड़ा कदम है। चूंकि इस अप्रोच को सभी अपना चुके हैं, जो अपने आप में बहुत बड़ी बात है, इसलिए अब से हमें इसी के साथ आगे बढ़ना चाहिए और मजबूत होने के बारे में सोचना चाहिए। मुझे लगता है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 तक सभी खिलाड़ियों को पता होगा कि वास्तव में क्या करना है।”

 

close whatsapp