‘अब कड़ा फैसला लेना होगा’- टी-20 क्रिकेट में रोहित-राहुल-कोहली के फॉर्म पर बोले सबा करीम
अब समय आ गया जब चयनकर्ताओं को इन खिलाड़ियों से खुलकर बात करनी चाहिए- सबा करीम
अद्यतन - जून 25, 2022 5:11 अपराह्न

भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज सबा करीम को लगता है कि चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को वरिष्ठ खिलाड़ियों रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल के साथ अपनी रणनीतियों के बारे में सख्ती से बात करने की जरूरत है। सबा करीम का मानना है कि, ऐसे कई खिलाड़ी हैं जो इस फॉर्मेट में उनकी जगह ले सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। पहले दो मैच हारने के बाद टीम इंडिया ने अगले दो मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए बेहतरीन वापसी की। आखिरी मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया और सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। भारतीय टीम को ओपनिंग के लिए दो अच्छे दावेदार इशान किशन और रुतुराज गायकवाड़ मिले। गायकवाड़ सिर्फ एक मैच में अच्छा प्रदर्शन कर पाए वहीं इशान ने पूरे सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी की।
इस बीच सबा करीम ने टी-20 के टॉप बल्लेबाज यानी की रोहित शर्मा केएल राहुल और विराट कोहली को लेकर कुछ हैरान करने वाले बयान दिए हैं। दरअसल रोहित, विराट और राहुल का फॉर्म और स्ट्राइक रेट पिछले कुछ समय में वाकई में चिंता का विषय रहा है। इस वजह से कई दिग्गज उनको लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
मुझे यकीन है कि वे टी-20 क्रिकेट की आधुनिक जरूरतों को समझते हैं: करीम
हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से सबा करीम ने कहा कि, “चयनकर्ताओं के लिए एक कठिन फैसला होगा। ये तीनों प्लेइंग-XI का हिस्सा होंगे। अगर उन पर इस तरह की आलोचना की जा रही है, तो यह उन पर निर्भर है कि वे इसका समाधान निकालें ताकि वे बेहतर तरीके से इससे बाहर आ सकें।”
उन्होंने आगे कहा कि, “और अगर ऐसा नहीं हो रहा है तो टीम प्रबंधन या चयनकर्ताओं को इसमें शामिल व्यक्तियों के साथ कड़ी बातचीत करने की आवश्यकता है क्योंकि कड़ी प्रतिस्पर्धा हो रही है। आपने जिन खिलाड़ियों का नाम लिया है, उनके पास अपनी बल्लेबाजी में आवश्यक बदलाव करने के लिए पर्याप्त अनुभव है ताकि यह राष्ट्रीय टीम के लिए फायदेमंद हो। मुझे यकीन है कि वे आधुनिक टी-20 बल्लेबाजी की जरूरतों को समझते हैं।”