रमीज राजा का यह बयान शाहिद अफरीदी को नहीं लगा अच्छा, PCB अध्यक्ष को जमकर लगाई फटकार
जिस तरीके से रमीज बोल रहे थे मैं उनको सुनकर हैरान रह गया था: शाहिद अफरीदी
अद्यतन - दिसम्बर 3, 2022 7:03 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष रमीज राजा के रावलपिंडी पिच पर बयान पर जमकर भड़ास निकाली है। बता दें, रावलपिंडी में इस समय पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है। इस पिच में गेंदबाजों को बिल्कुल भी मदद नहीं मिल रही है जबकि बल्लेबाज जमकर रन बना रहे हैं।
हाल ही में PCB अध्यक्ष रमीज राजा ने यह बयान दिया था कि उनको टेस्ट प्रारूप की पिच बनाने में अभी भी काफी साल लगेगा। शाहिद अफरीदी की माने तो रमीज राजा के इस बयान ने उन्हें हैरान कर दिया है।
शाहिद अफरीदी ने समा टीवी को कहा कि, ‘जिस तरीके से रमीज बोल रहे थे मैं उनको सुनकर हैरान रह गया था। हम लोग क्यों नहीं ऐसी पिच बना सकते हैं। पाकिस्तान में पिछले काफी समय से ऐसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा रहे हैं फिर क्यों वो ऐसा बयान दे रहे हैं। रमीज ने कहा था कि उन्हें स्पिनरों के हिसाब का ट्रैक चाहिए, मुझे लगता है ऐसा हो सकता है।’
रावलपिंडी की पिच हमेशा तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित रही है: शाहिद अफरीदी
शाहिद अफरीदी ने कहा कि, ‘ रावलपिंडी की पिच में हमेशा गति और उछाल देखने को मिली है और इसी वजह से यह पिच तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार साबित हुई है। आखिर उन्होंने इसमें बदलाव क्यों किया? अब हम यह टेस्ट हारने वाले हैं जिसको हम जीत सकते थे लेकिन अब हमें इसके तकनीक के बारे में बिल्कुल भी पता नहीं है। रावलपिंडी के पिच की बात की जाए तो मैंने कभी भी ऐसा ट्रैक नहीं देखा है। यहां बहुत घरेलू मुकाबले खेले गए हैं लेकिन ऐसी पिच इतनी सपाटा मैंने आज तक नहीं देखी।’
अफरीदी ने आगे कहा कि, ‘यह पिच मुझे फैसलाबाद और सियालकोट की याद दिलाती है। चार बड़े मैदान- मुल्तान, कराची, लाहौर और रावलपिंडी यहां मैंने हमेशा तेज गेंदबाजों को बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए देखा गया है। एक समय था जब हमने रावलपिंडी से कई तेज गेंदबाजों को आते हुए देखा था।’