रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी को लेकर प्रज्ञान ओझा ने दिया बड़ा बयान
महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा दोनों के अंदर यह चीज देखी गई है कि दोनों ही खिलाड़ी अपने गेंदबाजों के ऊपर भरोसा करते हैं और उन्हें ज्यादा से ज्यादा मौका देते हैं: प्रज्ञान ओझा
अद्यतन - जुलाई 18, 2022 7:07 अपराह्न

भारत के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने इस बात पर हामी भरी है कि रोहित शर्मा और भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की लीडरशिप शैली में काफी समानता देखने को मिलती है। ओझा का मानना है कि रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह दोनों ही अपने गेंदबाजों का साथ देते हैं और उन्हें पता रहता है कि कौन सा गेंदबाज कब अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।
17 जुलाई को भारतीय टीम ने मैनचेस्टर में तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला जीतकर वनडे सीरीज को अपने नाम किया। भारतीय टीम का नेतृत्व रोहित शर्मा कर रहे थे। 2014 के बाद पहली बार भारतीय टीम ने इंग्लैंड में वनडे सीरीज जीती है। उस समय भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे। भारतीय टीम ने इस दौरे में सिर्फ वनडे सीरीज ही नहीं बल्कि टी-20 सीरीज भी अपने नाम की।
महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा की लीडरशिप शैली में काफी समानता है: प्रज्ञान ओझा
भारत के सीरीज जीतने के बाद प्रज्ञान ओझा ने क्रिकबज में चर्चा करते हुए कहा कि, ‘महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा की लीडरशिप शैली में काफी समानता है। एक गेंदबाज तब ही अच्छा प्रदर्शन कर सकता है जब उसे कप्तान का साथ मिले। अगर कप्तान गेंदबाज का साथ नहीं देगा तो उसे भी अपने ऊपर विश्वास नहीं होगा। महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा दोनों के अंदर यह चीज देखी गई है कि दोनों ही खिलाड़ी अपने गेंदबाजों के ऊपर भरोसा करते हैं और उन्हें ज्यादा से ज्यादा मौका देते हैं।
रोहित शर्मा की कप्तानी की तारीफ करते हुए प्रज्ञान ओझा ने आगे कहा कि, ‘युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव ने बहुत बार कहा है कि रोहित शर्मा ने उनके अंदर खूब आत्मविश्वास बढ़ाया है। हार्दिक पांड्या ने भी कहा है कि रोहित शर्मा ने उन पर भरोसा जताया है और उन्हें कई मौके दिए हैं। एक अच्छे कप्तान के अंदर यह बहुत जरूरी होता है कि वह अपने खिलाड़ियों के ऊपर भरोसा करें और उन्हें मौका दे।
बल्लेबाज अपनी किस्मत खुद लिखते हैं लेकिन गेंदबाजों की किस्मत कप्तान के हाथों में होती है। जब मैदान में दिग्गज खिलाड़ी या कप्तान आपका साथ देता है तब आपका आत्मविश्वास एक अलग ही सीमा पर होता है।
गुजरात टाइटंस की कप्तानी करने के बाद हार्दिक पांड्या के खेल में काफी बदलाव आया है: आरपी सिंह
हार्दिक पांडे की कप्तानी को लेकर भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने कहा कि, ‘IPL 2022 में हार्दिक पांड्या ने गुजरात टाइटंस (GT) की कप्तानी की थी और उसके बाद उनके खेल में काफी बदलाव देखने को मिला है। IPL में 70% मुकाबले करो या मरो के होते हैं। उन्होंने IPL में भी अच्छा प्रदर्शन किया था और भारतीय टीम के लिए भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।
बता दें, हार्दिक पांड्या ने IPL 2022 में 15 मुकाबलों में 487 रन बनाए थे और 8 विकेट झटके थे। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया था। उन्होंने सीरीज में 100 रन बनाए और 6 विकेट झटके।