टी20 वर्ल्ड कप में आईपीएल 2024 जैसे हाई स्कोर देखने को नहीं मिलेंगे: मिशेल स्टार्क
2 जून से शुरू हो रहा है टी20 वर्ल्ड कप
अद्यतन - मई 27, 2024 5:11 अपराह्न

ICC मैन्स क्रिकेट टी20 वर्ल्ड कप 2024 का क्रिकेट फैंस बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि इस बार यह टूर्नामेंट 2 जून से वेस्टइंडीज और यूएसए की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
हालांकि, अब इस मल्टीनेशन टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने बड़ा बयान दिया है। स्टार्क का कहना है कि आईपीएल 2024 जैसे बड़े स्कोर इस बार टी20 वर्ल्ड कप में नहीं देखने को मिलेंगे।
मिचेल स्टार्क ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले दिया बड़ा बयान
बता दें कि आईपीएल 2024 के फाइनल मैच के बाद पोस्ट मैच के दौरान मिचेल स्टार्क ने कहा- आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर नियम है, टी20 वर्ल्ड कप 2024 में नहीं है। आपको अपने ऑलराउंडर खिलाड़ियों पर अधिक भरोसा दिखाना होगा।
टी20 वर्ल्ड कप में आप अपने ऑलराउंडर को नंबर 8 पर नहीं रख सकते हैं, जैसा कि इस आईपीएल में देखने को मिला है। मुझे नहीं लगता कि टी20 वर्ल्ड कप में आईपीएल 2024 जैसे हाई स्कोर देखने को नहीं मिलेंगे, क्योंकि वहां टीमों के पास एक बल्लेबाज कम होगा।
स्टार्क ने आगे कहा- आईपीएल में पावरप्ले में बल्लेबाज बेखौफ होकर खेल रहे हैं। वे गेंद को बेहतर तरीके से हिट कर पा रहे हैं, जैसा कि हमने आईपीएल 2024 में देखा। वेस्टइंडीज में ऐसे विकेट देखने को नहीं मिलेंगे, वहां विकेट पर अधिक घास देखने को मिलेगी।
टूर्नामेंट के अंत में वहां पर गेंद और अधिक घूम सकती है। कुछ गेंद विकेट पर काफी नीचे और धीमे रह सकती है। उम्मीद है कि आईपीएल की तुलना में गेंदबाज टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अहम भूमिका में होंगे।
T20 World Cup 2024 के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम
डेविड वार्नर, ट्रैविस हेड, मिशेल मार्श (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, टिम डेविड, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड, मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस, एडम जंपा, जोश हेजलवुड, जोश इंग्लिस, एश्टन एगर, कैमरन ग्रीन और नाथन एलिस।